PATNA: शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर पटना में शनिवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता रानी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंच रहे हैं। इस दौरान ‘जय माता दी’ और ‘माता रानी की जय’ के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।
महासप्तमी के अवसर पर पूजा पंडालों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा। पिछले छह दिनों से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही थी। शाम ढलते ही पंडालों में भजन-कीर्तन और देवी गीतों की गूंज से उत्सव की रौनक और बढ़ गई।
पटना के मंदिरी स्थित मां सिद्धीदात्री ज्वाला मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। माता के जयकारा करते श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वही डाकबंगला, किदवईपुरी, मंदिरी काठपुर, छक्कनटोला, गोलघर, लोदीपुर, दुजरा, राजापुर, राजाबाजार, खाजपुरा, जगदेवपथ, गोलारोड, आरपीएस, बाकरगंज, दानापुर, मछुआटोली, स्टेशन रोड सहित विभिन्न पूजा पंडालों पर भक्तों की भीड़ देखी जा रही है।
जयकारों से गूंज उठे पूजा पंडाल
मां दुर्गा का पट खुलते ही घंटा-घड़ियाल और शंख की ध्वनि से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा के दर्शन कर उनके चरणों में शीश नवाया और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई जगहों पर महिलाएं भक्ति गीत गाती नजर आईं, जबकि भजन मंडलियों ने ढोल और झाल की थाप पर देवी भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
महासप्तमी के साथ बढ़ा दुर्गापूजा का उत्साह
महासप्तमी पर मां दुर्गा के पट खुलने के साथ ही पटना में दुर्गापूजा का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ और चारों ओर गूंजते जयकारों से शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। 18 अक्टूबर को महाअष्टमी और 19 अक्टूबर महानवमी के दिन भी पटना के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों पर भारी भीड़ उमड़ेंगी। दुर्गा पूजा पर भव्य पंडाल, प्रतिमा और लाइट्स को देखने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। माता के प्रति लोगों की श्रद्धाभक्ति देखते ही बन रही है।