Patna Elevated Road: पटना के करबिगहिया इलाके में रहने और यहां से गुजरने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है. करबिगहिया गोलंबर से चिरैयाटांड़ पुल तक बनने वाले एलिवेटेड रोड का निर्माण अगले महीने से दोबारा शुरू होने जा रहा है. इस प्रोजेक्ट को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके तैयार होने के बाद पटना जंक्शन के करबिगहिया साइड में आवागमन पहले से आसान होने की उम्मीद है.


दरअसल, पर्व-त्योहार के दौरान निर्माण कार्य के लिए मजदूरों की कमी हो गई थी, जिसके कारण एलिवेटेड रोड का काम रोकना पड़ा था. अब निर्माण कार्य फिर से शुरू करने की तैयारी है. सबसे पहले एलिवेटेड रोड के लिए पहले से बनाए गए पायों का अधूरा काम पूरा किया जाएगा. इसके बाद उन पर सुपर स्ट्रक्चर चढ़ाने का काम शुरू होगा.


चिरैयाटांड़ पुल से जोड़ने के लिए टूटेगा रैंप

एलिवेटेड रोड को चिरैयाटांड़ पुल से जोड़ने के लिए पुल से करबिगहिया की ओर उतरने वाले मौजूदा रैंप को तोड़ा जाएगा. इसके बाद नए एलिवेटेड रोड को पुल से जोड़ने का काम किया जाएगा. निर्माण के दौरान इस रास्ते पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है और वाहनों को दूसरे रास्तों से गुजारा जा सकता है. हालांकि, ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.


पटना जंक्शन के करबिगहिया साइड में मिलेगी राहत

करबिगहिया गोलंबर का निर्माण पूरा होने के बाद यहां से आवागमन शुरू हो चुका है. अब गोलंबर को चिरैयाटांड़ पुल से एलिवेटेड रोड के जरिए जोड़ने की योजना है. इससे इस इलाके में आने-जाने वाले वाहन चालकों को काफी सुविधा मिलेगी.


खासकर पटना जंक्शन के करबिगहिया साइड में अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहनों को बेहतर रास्ता मिलेगा और चौराहे पर यातायात का दबाव भी कम हो सकेगा. फिलहाल निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है और अगले साल जून 2027 तक इस सड़क पर गाड़ियों के परिचालन की उम्मीद है.