PATNA:राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर बस स्टैंड स्थित एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा पुलिस ने किया है। गुरुवार को की गई छापेमारी में दो किशोरियों समेत पांच महिलाओं और चार युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिये गये कुल 9 लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। 


पुलिस की माने तो यह कार्रवाई हाल ही में हुए बंटी हत्याकांड के बाद शहर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गुप्त सूचना मिली थी कि रामकृष्ण नगर बस स्टैंड के पास स्थित रोजी होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इस सूचना के सत्यापन के बाद रामकृष्ण नगर थाना पुलिस ने रोजी होटल में छापेमारी की।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें दो किशोरियों समेत पांच महिलाएं और चार युवक शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ महिलाएं बिहार के बाहर की रहने वाली हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।


सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) रंजन कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रोजी होटल में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका संचालन किस प्रकार किया जा रहा था।


प्रारंभिक जांच में होटल संचालक की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है कि होटल का इस्तेमाल केवल ठहरने के लिए किया जा रहा था या अवैध गतिविधियों के संचालन के लिए भी किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।