PATNA: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के निर्देश पर खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी कर दुकानों और प्रतिष्ठानों को सील किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को राजधानी पटना के दो बड़े होटलों में छापेमारी की गयी। जांच के दौरान दोनों जगह से नकली पनीर बरामद किया गया। 


एक दिन पहले ही सोमवार को पटना के बख्तियारपुर में छापेमारी की गयी थी। जहां खाद्य सरंक्षा विभाग की टीम ने नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी की थी। टीम ने 360 किलो पनीर, 635 किलो क्रीम, 400 लीटर दूध, 214 किलो घी और डेड बॉडी पर लगाने वाले केमिकल 30 किलो फॉर्मलीन बरामद किया था। जब्त सामानों की कीमत 46 लाख रुपये आंकी गई थी। इस कार्रवाई के अगले दिन ही पटना के दो बड़े होटलों में छापा मारा गया। पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राजेन्द्र पथ स्थित होटल मगध और होटल एम्बेसडर के किचन में छापेमारी की गयी। इस दौरान दोनों होटलों के किचन से नकली पनीर जब्त किया गया। साथ किचन में चारों ओर गंदगी देखने को मिली। 


जिस डिब्बे में मसाला रखा गया था, उसमें जंग लगा हुआ था। सबसे हैरानी की बात है कि वेज और नॉनवेज एक साथ रखा गया था। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने दोनों होटलों के किचन को 3 दिन के लिए सील कर दिया। होटल के मालिक को इस संबंध में अपना पक्ष रखने को कहा गया है। यदि संतोषजनक जवाब वो नहीं दे पाएंगे तब होटल का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। फिलहाल टीम ने बरामद नकली पनीर के सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम आगे की कार्रवाई करेगी। 


बड़े होटलों से नकली पनीर मिलने की खबर से लोग भी हैरान हैं। सोशल मीडिया पर यह चर्चा हो रही है कि पैसे की लालच में लोगों की जिन्दगी के साथ ये लोग खिलवाड़ कर रहे हैं। उनकी इस लालच का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। खाद्य संरक्षा विभाग और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम अच्छा काम कर रही है। बता दें कि दुर्गा पूजा के दौरान से ही खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के सख्त निर्देश के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।


 जब शुरू में छापेमारी हुई थी तब यह चर्चा हो रही थी, कि पर्व त्योहार में बस इस तरह की कार्रवाई होती है। उसके बाद छापेमारी बंद हो जाएगी लेकिन लोगों की यह बात आज गलत साबित हुई है। पर्व त्योहार खत्म हो गये हैं, इसके बावजूद खाद्य संरक्षा विभाग की टीम मिलावट करने वालों और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। ताजा उदाहरण पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित दो होटलों में हुई छापेमारी है। जहां होटल मगध और होटल एम्बेसडर से नकली पनीर जब्त किया गया है। फिलहाल खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के सेम्पल को जांच के लिए लैब भेजा है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।