Chhath Puja 2026: पटना के हिंदुनी गांव में छठ पूजा की तैयारियों के बीच मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. छठ पूजा के लिए खोदे गए पोखर में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई. तीनों बच्चियां गोवर्धन पूजा के लिए गोधन कूटने से पहले पोखर में नहाने गई थीं. इसी दौरान गहरे पानी में जाने से यह हादसा हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
मृत बच्चियों की पहचान रामभरत राय की 18 वर्षीय बेटी डेली कुमारी, मनोज पासवान की 17 वर्षीय बेटी मौली कुमारी और मनोज पासवान की सात वर्षीय नतिनी सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, हिंदुनी गांव के पूरब-उत्तर छोर पर सड़क किनारे छठ पूजा के लिए पोखर खोदा गया था. इसमें पानी भरा हुआ था. मंगलवार को गोवर्धन पूजा की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान गांव की तीनों बच्चियां नहाने के लिए पोखर पहुंच गईं. नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं.
बच्चियों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों ने आनन-फानन में तीनों को पोखर से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, वहां चिकित्सकों ने तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया. एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
हादसे में तीन बच्चियों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिन घरों में छठ और गोवर्धन पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया. बच्चियों की मौत की खबर सुनकर परिजन अस्पताल में ही रोने-बिलखने लगे. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद गांव में किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला.
घटना की सूचना मिलने के बाद फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई. गांव के जदयू नेता महेश पासवान और जिला परिषद सदस्य के पति दशरथ पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी.