Patna Traffic News: राजधानी पटना में वीरचंद पटेल पथ और उसके आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इस रूट से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को अब नए ट्रैफिक प्लान के अनुसार आवाजाही करनी होगी. पटना में माननीय उच्च न्यायालय, प्रमुख होटल, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालय और सरकारी कार्यालय होने के कारण इस इलाके में वाहनों का काफी दबाव रहता है. इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने जाम की समस्या से बचने और वाहनों के सुचारू परिचालन के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की है.


जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित रूट पर ही वाहनों का परिचालन होगा. इस दौरान वीरचंद पटेल पथ से पटना हाईकोर्ट के गेट नंबर-5 की ओर जाने वाले वाहन वीआईपी पोस्ट नंबर-27 के सामने से प्रवेश कर सकेंगे. इसके बाद वाहन गेट नंबर-5 की ओर जा सकेंगे और गेट नंबर-4 से होते हुए मिलर हाईस्कूल के बगल से वीरचंद पटेल पथ पर निकल सकेंगे.


इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित

नई व्यवस्था के तहत मिलर हाईस्कूल की ओर से पटना हाईकोर्ट के गेट नंबर-4 की तरफ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. वहीं गेट नंबर-4 से गेट नंबर-5 की ओर भी किसी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे.


इसके अलावा गेट नंबर-5 से वीआईपी पोस्ट नंबर-27 की ओर वाहनों की निकासी पर भी रोक रहेगी. वाहन चालकों को निर्धारित दिशा में ही आवाजाही करनी होगी.


एंबुलेंस और दमकल वाहनों को मिलेगी छूट

यातायात व्यवस्था में किए गए इस बदलाव से आम वाहन चालकों को निर्धारित रूट का पालन करना होगा. हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है. एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन वाहनों पर वन-वे की यह व्यवस्था लागू नहीं होगी.