Bihar Flat Registry Rules: बिहार में फ्लैट खरीदारों के हित में पटना हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है. अदालत ने साफ किया है कि फ्लैट की रजिस्ट्री हो जाने भर से बिल्डर की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती. अगर बिल्डर खरीदार को संपत्ति का शांतिपूर्ण और विवादरहित कब्जा देने में विफल रहता है तो इसे सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार माना जाएगा. ऐसे ही एक मामले में हाईकोर्ट ने बिल्डर को खरीदारों की पूरी रकम 9 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ तीन महीने के भीतर लौटाने का आदेश दिया है.


न्यायमूर्ति आलोक कुमार की एकलपीठ ने डॉ. अभय कुमार और डॉ. अमृता प्रवी की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया. अदालत ने राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (NCDRC) के 31 जनवरी 2024 के आदेश को भी रद्द कर दिया. आयोग ने पहले खरीदारों की शिकायत और अपील को सुनवाई योग्य नहीं मानते हुए खारिज कर दिया था.


एक ही फ्लैट का दो लोगों से किया सौदा

मामला पटना के कंकड़बाग स्थित वृंदावन अपार्टमेंट का है. याचिकाकर्ताओं ने 3 अक्टूबर 2012 को इस अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 501-A खरीदा था. इसके लिए उन्होंने बैंक से 28.40 लाख रुपये का ऋण लेकर बिल्डर को भुगतान किया था.


बाद में खरीदारों को पता चला कि बिल्डर इस फ्लैट का सौदा पहले ही 5 मार्च 2011 को अंजनी कुमार सिन्हा के साथ कर चुका था. इसके बावजूद बिल्डर ने पहले हुए समझौते की जानकारी छिपाकर वही फ्लैट दूसरे खरीदारों को बेच दिया. इस धोखाधड़ी के कारण खरीदारों को आज तक फ्लैट का शांतिपूर्ण और निर्विवाद कब्जा नहीं मिल सका.


हाईकोर्ट ने इस मामले में माना कि एक ही फ्लैट का पहले किसी दूसरे व्यक्ति से समझौता करने के बाद जानकारी छिपाकर दूसरे खरीदार के नाम रजिस्ट्री करना सेवा में गंभीर कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार है.


रजिस्ट्री के बाद भी खरीदार कर सकते हैं मुआवजे की मांग

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट के आरिफुर रहमान खान और टीकेए पद्मनाभन मामलों में दिए गए फैसलों का भी उल्लेख किया. अदालत ने स्पष्ट किया कि फ्लैट की रजिस्ट्री हो जाने या बाद में कब्जा मिल जाने से खरीदार का मुआवजा मांगने का अधिकार खत्म नहीं होता.


अदालत ने कहा कि खरीदारों को अपने कानूनी अधिकारों की सुरक्षा के लिए अनिश्चितकाल तक रजिस्ट्री टालने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. समय पर संपत्ति का निर्विवाद कब्जा नहीं देना भी अनुचित व्यापार व्यवहार के दायरे में आता है.


तीन महीने में लौटानी होगी पूरी रकम

पटना हाईकोर्ट ने बिल्डर को पूरी बिक्री राशि 9 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ तीन महीने के भीतर वापस करने का निर्देश दिया है. खरीदारों को वापस मिलने वाली रकम से संबंधित बैंक का बकाया ऋण चुकाना होगा.


रकम वापस मिलने के बाद फ्लैट पर खरीदारों का अधिकार समाप्त हो जाएगा. इसके बाद बिल्डर कानून के अनुसार सक्षम न्यायालय में बिक्री विलेख रद्द कराने की कार्रवाई कर सकेगा.