Bihar Crime News: पटना में 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि 18 वर्षीय युवक उसे पटना जंक्शन के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया, जहां दोनों रात में रुके थे. अगले दिन लड़की के घर पहुंचने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, नाबालिग और आरोपी युवक के बीच पिछले कई महीनों से मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी.
शादी का भरोसा देकर साथ ले जाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, कुछ महीने पहले उसकी युवक से फोन पर बातचीत शुरू हुई थी. इसी दौरान युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया. पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, 31 अगस्त को युवक पटना आया और लड़की को पटना जंक्शन के पास एक गेस्ट हाउस में बुलाया.
आरोप है कि युवक ने वहां शादी का भरोसा देकर नाबालिग के साथ जबरदस्ती की. अगले दिन सुबह लड़की अपने घर पहुंची. परिजनों ने जब उसके रातभर घर से बाहर रहने के बारे में पूछा तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी.
9-10 महीने से फोन पर संपर्क में थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग और आरोपी युवक पिछले करीब 9 से 10 महीने से एक-दूसरे के संपर्क में थे. दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत होती थी. हालांकि, पीड़िता आरोपी युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रही है.
पुलिस के अनुसार, नाबालिग को आरोपी का पूरा पता मालूम नहीं है. उसके पास युवक का मोबाइल नंबर उपलब्ध है. इसी आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस ने नाबालिग की मेडिकल जांच कराई है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उसका बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज कराया जाएगा. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है.