PATNA: बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट पर जनता दल यूनाइटेड (JDU)के नीरज कुमार ने जीत हासिल की। लालू यादव की पार्टी आरजेडी के दिलीप कुमार दूसरे और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के डॉ. अनुज कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वही कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान चौथे नंबर पर रहे। 


नीरज कुमार चौथी बार एमएलसी बने हैं। उन्हें जीत का सर्टिफिकेट दिया गया। वही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें जीत की बधाई और शुभकामनाएं दी। नीरज कुमार बधाई देने के लिए घर पर देर शाम तक तांता लगा रहा। बुधवार को नीरज कुमार को जीत का सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। वहीं निर्वाची पदाधिकारी सह पटना कमिश्नर की तरफ से मतों का आंकड़ा भी जारी किया गया है। 


पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हुए एमएलसी के चुनाव में 18 कैंडिडेट खड़े थे। मतों को लेकर जारी किये आंकड़ों पर गौर करें तो जनता दल यूनाइटेड के नीरज कुमार 19930, राष्ट्रीय जनता दल के दिलीप कुमार को 15275, जन सुराज पार्टी के अनुज सिंह को 11278 वोट मिले। चौथे नंबर पर कांग्रेस के असद उल्लाह खां रहे जिन्हें 971 वोट हासिल हुए। 


बता दें कि पटना स्नातक सीट के चुनाव में जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं। इसकी खास वजह यह थी कि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए मैदान में उतरे थे। अपनी पार्टी जेडीयू के उम्मीदवार नीरज का खुलकर विरोध कर रहे थे। अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर अनुज सिंह के पक्ष में मोर्चा संभाला था। लेकिन जिस पार्टी का वो सपोर्ट कर रहे थे, वह जनसुराज पार्टी तीसरे नंबर पर है। अनंत सिंह के प्रचार करने का फायदा जन सुराज के उम्मीदवार को भी नहीं मिल सका और पटना स्नातक से जेडीयू के नीरज कुमार की जीत हुई। वो चौथी बार चुनाव जीतकर एमएलसी बने हैं। नीचे दिये गये लिस्ट में देखिये किस प्रत्याशी को कितना वोट मिला। 


जीत के बाद जेडीयू नेता नीरज कुमार लोकसेवक आवास पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नीरज कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम ने कहा कि बिहार विधान परिषद चुनाव के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी नीरज कुमार जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी श्री नीरज कुमार जी के विजयी होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत मतदाताओं का एनडीए के प्रति विश्वास और जनसमर्थन का प्रतीक है।