इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना से निकल कर सामने आ रही है। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के गोलघर चौराहा के पास एक नाले से पुलिसकर्मी का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बच्चा कुमार राव के रूप में हुई है वह हवलदार के पद पर तैनात थे और मूल रूप से मोतिहारी जिले के रहने वाले थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चा कुमार राव कल देर शाम से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद से उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी बीच गोलघर चौराहा के पास नाले में उनका शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद बुद्धा कॉलोनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
वहीं, घटना की सुचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिसकर्मी के शव मिलने की खबर के बाद उनके विभागीय साथियों और परिचितों के बीच भी चिंता का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।