Food Department Raid: बिहार में आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटना एवं मुजफ्फरपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए तथा असुरक्षित, बासी एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट कराया गया। कई प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय-सीमा में कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए। कुछ प्रतिष्ठानों के किचन को निर्धारित अवधि के लिए बंद रखने का आदेश भी दिया गया।
बिरयानी महल में कार्रवाई
पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल के निरीक्षण के दौरान 13 किलोग्राम हाफ बॉयल्ड चिकन, 3 किलोग्राम वेज आइटम एवं डेढ़ किलोग्राम उबला हुआ मटन जब्त कर विनष्ट किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹3150 था।
बिरयानी बूल्ज में पाई गई अनियमितता
पटना के एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज का खाद्य संरक्षा विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा हुआ पाया गया। प्रतिष्ठान में कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट तथा FEFO एवं FIFO नियमों से संबंधित व्यवस्था उपलब्ध नहीं पाई गई। टीम द्वारा कच्चे बासमती चावल का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
बिरयानी महल का निरीक्षण
पटना के एस.के पुरी, बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल का खाद्य संरक्षा विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र एवं कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाया गया। टीम द्वारा चिकन मसाला एवं कच्चे मटन के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
द बिरयानी मॉल में कार्रवाई, तीन दिनों तक किचन बंद
पटना के फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल के निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड दूध (3 किलोग्राम), अमूल चीज (1किलोग्राम) एवं डेयरी क्रीम (1 किलोग्राम) एवं अन्य सामग्री जब्त कर विनष्ट की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 2,000 था। प्रतिष्ठान से कच्चे चिकन के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमी पाए जाने पर तीन दिनों तक किचन बंद किया गया।
कोलकाता बिरयानी महल दो दिनों तक बंद
पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल का खाद्य संरक्षा विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान में वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। टीम द्वारा रॉ चिकन मीट एवं मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए। किचन की अस्वच्छ स्थिति को देखते हुए दो दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया गया।
अनमोल होटल में कार्रवाई
पटना के बुद्ध मार्ग, जीपीओ स्थित मेसर्स अनमोल होटल के निरीक्षण के दौरान किचन में साफ-सफाई की कमी एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। कार्रवाई के दौरान पनीर (350 किलोग्राम), रोस्टेड चिकन (8 किलोग्राम), ग्रेवी (15किलोग्राम), मंचूरियन मसाला (4किलोग्राम), व्हाइट ग्रेवी मिक्स (4 किलोग्राम), रॉ चिकन (10 किलोग्राम), पनीर फ्राई (3 किलोग्राम), मशरूम (2 किलोग्राम), मंचूरियन (500 ग्राम), कटी हुई सब्जियां (1 किलोग्राम) एवं प्याज (1 किलोग्राम) जब्त कर विनष्ट की गईं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य विभागीय रिपोर्ट के अनुसार 36,650 है।
प्रतिष्ठान से पनीर एवं चिकन के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट एवं वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। साथ ही खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO (First In, First Out) नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रतिष्ठान को सात दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।
मटन महल का निरीक्षण
पटना के बिहार म्यूजियम के सामने, बेली रोड स्थित मेसर्स मटन महल का खाद्य संरक्षा विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सरसों तेल का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति कराने तथा सात दिनों के भीतर कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट एवं वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में कार्रवाई
पटना के वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित मेसर्स टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे के निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली खाद्य सामग्री पाई गई। टीम द्वारा 2 किलोग्राम चिकन, 1 किलोग्राम पीली दाल, 1 किलोग्राम पका हुआ मछली एवं 3 किलोग्राम ग्रेवी जब्त कर विनष्ट की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹1,000 था।
बिग बास्केट का निरीक्षण
पटना के आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट (इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) का खाद्य संरक्षा विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्रियों को एक साथ रखा हुआ पाया गया। साथ ही FEFO एवं FIFO नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रतिष्ठान द्वारा कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं FOStac प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। टीम द्वारा सरसों तेल, पिस्ता बादाम, चीनी एवं मिक्स दाल के नमूने संग्रहित किए गए।
मुजफ्फरपुर के ए.आर. बेकरी में कार्रवाई
मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित मेसर्स ए.आर. बेकरी के निरीक्षण के दौरान बिकाजी भुजिया एवं थम्स अप, स्प्राइट तथा माजा सहित विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों की अनियमितताएं पाई गईं। टीम द्वारा संबंधित खाद्य एवं पेय सामग्री जब्त कर विनष्ट करने की कार्रवाई की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य विभागीय रिपोर्ट के अनुसार लगभग 2,100 था। खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।