Patna Flood News: गंगा, पुनपुन और दरधा नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से पटना जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंगा चार प्रमुख केंद्रों—मनेर, दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह—में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण दियारा और निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। हालांकि, फिलहाल तटबंध सुरक्षित हैं और शहरी पटना में बाढ़ का पानी नहीं पहुंचा है।
चार जगह खतरे के निशान से ऊपर गंगा
जल संसाधन विभाग की बुधवार सुबह छह बजे की रिपोर्ट के अनुसार, दीघा घाट पर गंगा का जलस्तर 50.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का निशान 50.45 मीटर है। यानी नदी 35 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
गांधी घाट पर जलस्तर 49.71 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से 1.11 मीटर अधिक है। वहीं, मनेर में गंगा का जलस्तर 52.53 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 52 मीटर है। हाथीदह में नदी का जलस्तर 42.48 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 41.76 मीटर से 72 सेंटीमीटर अधिक है। चारों केंद्रों पर जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है।
दियारा इलाकों में बढ़ी ग्रामीणों की चिंता
गंगा का पानी दियारा और नदी किनारे के निचले इलाकों में फैलने लगा है। इससे लोगों को आवागमन के साथ पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था में परेशानी हो रही है। बख्तियारपुर के चिरैया रूपस, रूपस महाजी और हरदासपुर दियारा पंचायतों में भी गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछली बार की तुलना में इस बार पानी करीब एक हाथ अधिक बढ़ा हुआ महसूस हो रहा है। हालांकि, अभी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं हुई है, लेकिन जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
पुनपुन और दरधा नदी भी बढ़ा रही चिंता
पटना जिले में पुनपुन नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। श्रीपालपुर में पुनपुन नदी का जलस्तर 52.58 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 50.60 मीटर है। किंजर में नदी का जलस्तर 66.69 मीटर है और यहां भी वृद्धि जारी है। धनरुआ क्षेत्र में दरधा और पुनपुन नदी के उफान पर होने की सूचना है। हालांकि, जिले में कहीं भी तटबंध टूटने की सूचना नहीं है।
पटना सिटी में जलजमाव से परेशानी
बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच पटना सिटी के कुछ इलाकों में जलजमाव ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड 66 के दीरा पर मोहल्ले का रास्ता पानी में डूब गया है। इससे स्कूली बच्चों को श्री गुरु गोविंद सिंह स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम की टीम मोहल्ले में जमा पानी निकालने का काम कर रही है। वहीं, पटना सिटी का प्रमुख श्री गुरु गोविंद सिंह पथ भी जलमग्न हो गया है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
तटबंध सुरक्षित, संवेदनशील इलाकों में नावें तैयार
जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पटना शहरी सुरक्षा दीवार समेत संबंधित तटबंध फिलहाल सुरक्षित हैं। दानापुर दियारा सहित संवेदनशील इलाकों में कुछ नावें भी तैयार रखी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद की जा सके। एडीएम आपदा डीपी शाही के अनुसार, फिलहाल राहत कार्य शुरू करने की आवश्यकता नहीं बताई गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।