PATNA: पैसों के आगे रिश्तों की कोई कद्र नहीं होती, यह गलत संदेश देने का काम एक पटना के समधी ने दिया है। उसने एक लाख रुपये के लिए अपनी समधन की गोली मारकर हत्या कर दी है। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना पटना के फतुहा स्थित खरफर गांव में सामने आई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना के बाद आरोपी समधी समेत पूरी परिवार मौके से फरार हो गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।


मृतका के पति संजय पासवान और बेटे सोनू कुमार ने आरोप लगाया है कि वीरू पासवान अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा था। बकाया रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने हथियार निकालकर गोली चला दी। परिजनों का कहना है कि संजय पासवान को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी, लेकिन वह रानी देवी को लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


एक लाख रुपये के लिए बहा खून

पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार, करीब एक साल पहले भैंस खरीदने को लेकर ढाई लाख रुपये का लेन-देन हुआ था। इसमें से डेढ़ लाख रुपये लौटाए जा चुके थे, जबकि करीब एक लाख रुपये अभी भी बकाया था। इसी रकम को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि बकाया राशि लौटाने के लिए 30 जून तक का समय तय किया गया था, लेकिन आरोपी लगातार पैसे के लिए दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं, हत्या से करीब 15 दिन पहले भी आरोपी पक्ष द्वारा धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।


मृतका के बेटे सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी के बड़े भाई ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की थी और गोली मारने की धमकी भी दी थी। हालांकि, परिवार ने उस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। गुरुवार की रात वही धमकी हकीकत में बदल गई। बताया जाता है कि फतुहा के खरफर गांव में अचानक गोली चलने की आवाज सुनने के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने देखा कि 45 वर्षीय रानी देवी घर के अंदर खून से लथपथ पड़ी हुई थीं। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही पचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा समेत कई सबूत बरामद किए हैं। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। वही मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार सिंह ने पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उधर घटना के बाद आरोपी वीरू पासवान और उसके साथी फरार बताए हो गये। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।