PATNA:पटना के फतुहा में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे के बाद मानवता को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई। यहां दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में ड्राइवर और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गये और घटनास्थल पर तड़पते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनकी मदद करने के बजाय ट्रक में लदी कोल्ड ड्रिंक की लूट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


18 टन कोल्ड ड्रिंक लेकर आ रहा था ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से करीब 18 टन कोल्ड ड्रिंक लेकर एक ट्रक फतुहा की ओर आ रहा था। इसी दौरान कंचनपुर गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरे।


सड़क पर बिखर गई 7 लाख रुपये की कोल्ड ड्रिंक

हादसे के बाद ट्रक में लदी करीब 7 लाख रुपये मूल्य की कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क और गड्ढे में बिखर गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन घायलों को बचाने के बजाय अधिकांश लोग कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूटने में जुट गए। लोग बोरी, थैला और हाथों में जितनी बोतलें उठा सकते थे, लेकर वहां से निकलने लगे। देखते ही देखते पूरा ट्रक खाली हो गया।


चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में ट्रक चालक प्रवीण यादव और उसका खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, कुछ संवेदनशील स्थानीय लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकालकर पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।


वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को गड्ढे से बाहर निकलवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।फतुहा थाना प्रभारी श्रीमंत सुमन ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर लूटपाट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।