PATNA:पटना में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 31 प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे इमरजेंसी कॉल बॉक्स को सीधे डायल 112 से जोड़ा जा रहा है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद आपात स्थिति में कॉल बॉक्स पर लगे हेल्प बटन को दबाते ही सूचना सीधे पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
बटन दबाते ही पुलिस को मिलेगी सूचना
किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या खतरे के समय व्यक्ति को इमरजेंसी कॉल बॉक्स पर लगे ‘हेल्प’ बटन को दबाना होगा। बटन दबाते ही कॉल सीधे डायल 112 के पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्ट हो जाएगी। सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस वैन को मौके पर भेजा जाएगा।
गांधी मैदान से पटना जंक्शन तक सुविधा
यह सुविधा राजधानी पटना के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में उपलब्ध होगी। इनमें गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और पटना जंक्शन समेत कई प्रमुख चौक-चौराहे शामिल हैं। शहर के अन्य संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी लगे इमरजेंसी कॉल बॉक्स को डायल 112 से जोड़ने की तैयारी है।
इसी महीने के अंत तक शुरू हो सकती है व्यवस्था
नई व्यवस्था शुरू होने के बाद आपात स्थिति में लोगों को पुलिस सहायता के लिए अलग से फोन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हेल्प बटन दबाते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी और नजदीकी पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा जा सकेगा। यह व्यवस्था इसी महीने के अंत तक शुरू होने की संभावना है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
इमरजेंसी कॉल बॉक्स को डायल 112 से जोड़ने का उद्देश्य राजधानी में त्वरित पुलिस सहायता, बेहतर सुरक्षा और आपात स्थितियों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे दुर्घटना, अपराध या किसी अन्य आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया समय कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, महिला सुरक्षा और शहर के ट्रैफिक प्रबंधन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।