Patna Traffic Alert: पटना में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. 17 से 20 अक्टूबर तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी. इस दौरान डाकबंगला चौराहा, बेली रोड, आयकर गोलंबर, राजाबाजार फ्लाईओवर और अशोक राजपथ समेत कई इलाकों में रूट डायवर्ट किए जाएंगे.


यातायात पुलिस के अनुसार, विशेष व्यवस्था 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से लागू होगी और 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक या यातायात सामान्य होने तक जारी रहेगी. ऐसे में दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल घूमने या ट्रेन पकड़ने के लिए निकलने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी लेना जरूरी होगा.


डाकबंगला चौराहे से कोतवाली तक बंद रहेगा रास्ता

डाकबंगला चौराहे के आसपास यातायात पर विशेष प्रतिबंध रहेगा. डाकबंगला चौराहे से कोतवाली तक दोनों तरफ वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इसके अलावा न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की ओर भी वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी.


पंडालों और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई रास्तों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा. लोगों को यातायात पुलिस की ओर से तय किए गए रूट का ही इस्तेमाल करना होगा.


बेली रोड से एयरपोर्ट जाने वालों को लेना होगा वैकल्पिक रास्ता

सगुना मोड़ से पटना एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले छोटे वाहन रुकनपुरा और राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे से जगदेव पथ होते हुए बीएमपी की ओर जा सकेंगे. राजीवनगर और दीघा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं.


यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि पूजा के दौरान निर्धारित रूट और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें, ताकि प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति न बने.


भारी वाहनों के परिचालन पर भी रोक

दुर्गा पूजा के दौरान पटना नगर निगम क्षेत्र में मालवाहक और यात्री वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा. 17 से 20 अक्टूबर तक बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा 407 समेत अन्य भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी.


वहीं, मेट्रो और दूसरे निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों के परिचालन पर 15 से 21 अक्टूबर तक प्रतिबंध लागू रहेगा. आपातकालीन वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी.


पार्किंग के लिए तय किए गए स्थान

पूजा के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं. फ्रेजर रोड, वीरचंद पटेल पथ, जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक चौराहे तक और पटना साइंस कॉलेज समेत कई जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है.


पटना सिटी में भी दोपहिया और छोटे वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. पूजा पंडालों के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना होगा.


ट्रेन पकड़ने वालों के लिए भी जरूरी है ट्रैफिक प्लान देखना

दुर्गा पूजा के दौरान पटना जंक्शन और शहर के दूसरे प्रमुख इलाकों की तरफ जाने वाले यात्रियों को भी ट्रैफिक डायवर्जन का ध्यान रखना होगा. भीड़ और रूट डायवर्जन के कारण सामान्य दिनों की तुलना में सफर में ज्यादा समय लग सकता है. इसलिए ट्रेन या अन्य यात्रा के लिए निकलने वाले लोगों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है.