Patna News: दुर्गा पूजा के दौरान पटना में पंडालों और मेलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूजा पंडालों के पट खुलने के बाद डाकबंगला चौराहा, महावीर मंदिर, बोरिंग रोड, अशोक राजपथ, कुर्जी और मछुआ टोली समेत शहर के कई इलाकों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।



लोदीपुर अग्निशामालय के अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर दमकल गाड़ियों की तैनाती की गई है। सभी निर्धारित स्थलों पर शिफ्ट के अनुसार 24 घंटे अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए रेस्क्यू टीम भी लगातार सक्रिय है।



अग्निशमन विभाग ने गोविंद मित्रा रोड, अशोक राजपथ, गांधी मैदान गेट नंबर-7, डाकबंगला चौराहा, गौरिया टोली, इनकम टैक्स गोलंबर, कोतवाली थाना, बोरिंग रोड चौराहा, पाटलिपुत्र गोलंबर, दीघा हाट, मरीन ड्राइव और सिटी सेंट्रल मॉल के पास दमकल गाड़ियां तैनात की हैं।



संकरी गलियों और मोहल्लों में आपात स्थिति के दौरान जल्द पहुंचने के लिए बाइक से पेट्रोलिंग भी की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि आग लगने या किसी अन्य अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।



अजीत कुमार ने लोगों से अपील की है कि आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें। इसके लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 के साथ लोदीपुर अग्निशमन कार्यालय के 7485805820 और 7485805821 नंबर जारी किए गए हैं।