Patna News: पटना में शुक्रवार को ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से चालकों के हित में कल्याणकारी योजनाएं लागू करने और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित जेपी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद वाहन चालक डाकबंगला चौराहा और गोलंबर होते हुए लोकसेवक आवास एवं विधानमंडल की ओर बढ़े। प्रदर्शन के कारण गांधी मैदान इलाके में जाम की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि चालकों ने एक सितंबर 2025 को पटना के मिलर स्कूल में विशाल आमसभा आयोजित की थी। इसके बाद नौ मार्च 2026 को बिहार के सभी 38 जिलों में संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखी गई थीं। हालांकि, सरकार की ओर से मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने के बाद चालकों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के संरक्षक मनोज कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र राय और सचिव राजू कुमार सिंह ने चालकों की प्रमुख मांगों को सामने रखा। इनमें ओडिशा मोटर ड्राइवर एवं श्रमिक कल्याण योजना 2023 की तर्ज पर बिहार में भी कल्याणकारी योजना लागू करना, मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना 2024 को असंगठित श्रमिक सामाजिक सुरक्षा अधिनियम 2008 के तहत लागू करना तथा ड्राइवर आयोग और वेलफेयर फंड का गठन करना शामिल है।
इसके अलावा संगठन ने सड़क दुर्घटना में चालक की मृत्यु को आपदा घोषित करने, आवास योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता देने, वाहनों में आगे और पीछे रिकॉर्डिंग कैमरे लगाने तथा एक सितंबर को आधिकारिक रूप से ड्राइवर दिवस घोषित करने की मांग की।
चालकों ने सरकारी अस्पतालों की आईसीयू में उनके लिए एक बेड आरक्षित करने, पीएमजेजेबीवाई की जगह आईपीपीबी के अंतर्गत एएसएसवाई बीमा योजना लागू करने और थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के स्थान पर फर्स्ट पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य करने की भी मांग उठाई। इस प्रदर्शन में बिहार के सभी 38 जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।