PATNA: राजधानी पटना में आप डोमिनोज का पिज्जा या फिर मैक़डॉनल्ड्स का बर्गर खाने जा रहे हैं? तो उससे पहले ये खबर पढ़ लीजिये. बिहरा सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने पटना में मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट और डोमिनोज़ के कई आउटलेट्स में छापेमारी की. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों नामचीन फूड चेन के रेस्टोरेंट्स में चौंकाने वाली चीजें पायीं. इसके बाद मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट और डोमिनोज़ दोनों को नोटिस दिया गया है. सरकार ने कहा है- या तो सुधरो नहीं तो दुकान बंद करा दिया जायेगा. 


डोमिनोज़ में मिला 160 खराब पिज्जा स्क्रीन 

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पटना के एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं और लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित डोमिनोज़ के आउटलेट्स का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित डोमिनोज़ में करीब 110 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए. वहीं, एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं स्थित डोमिनोज़ में करीब 50 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए. बता दें कि पिज्जा स्क्रीन एल्युमिनियम या किसी अन्य धातु से बनी एक सपाट, जालीदार छलनी जैसी प्लेट होती है, जिसका उपयोग पिज्जा को ओवेन  में बेक करने के लिए किया जाता है.


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि ऐसे पिज्जा स्क्रीन पर पिज्जा बनाना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है. सरकारी अधिकारियों ने उसे मानव उपभोग के लिए गलत मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. 


साफ-सफाई की भारी कमी

स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान डोमिनोज के दोनों शॉप में ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई में कई कमी पाई गईं। ग्राहकों को देने के लिए सॉस के बोतल की स्थिति खराब थी. डीप फ्रीजर में तापमान की निगरानी का कोई रिकोर्ड नहीं था. स्टोर में कच्चे माल का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। दोंनों जगह वेज और नॉन वेज को अलग अलग रखने का भी इंतजाम नहीं था. पिज्जा स्टोर में कीड़ों की रोकथाम के इंतजाम का कोई रिकार्ड नहीं मिला. 


मैकडॉनल्ड्स का हाल जानिये 

पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान स्टोर की साफ-सफाई ठीक पाई गई और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी मिले. लेकिन कचरे का डिब्बा खुला पाया गया और मुख्य दरवाजे पर कीड़ों की रोकथाम के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था। इसके अलावा सार्वजनिक मेनू कार्ड में खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी लिखी गई थी. 


दोनों को मिला सरकारी नोटिस

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मैकडॉनल्ड्स के संचालक सात दिनों के भीतर साफ-सफाई की  कमियों को दूर करने, कचरे के डिब्बे को ढककर रखने और कीड़ों की रोकथाम के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस रेस्टोरेंट को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान मस्टर्ड सॉस का एक नमूना भी संग्रहित किया गया।


डोमिनोज को कड़ी चेतावनी

उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डोमिनोज के संचालकों को ड्रेनेज सिस्टम में सुधार करने, मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने और तापमान लॉग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट का लेखा-जोखा रखने को कहा है. साथ ही, कमियों को दूर करने के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया है। 14 दिनों के भीतर सभी तरह का सुधार कर स्वास्थ्य विभाग में रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गयाहै. सरकार ने कहा है कि 14 दिनों के भीतर सुधार नहीं होता है तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड या रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।

पटना से ब्यूरो रिपोर्ट, फर्स्ट बिहार/झारखंड