Patna to Delhi Train News: पटना से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली में विपक्षी दलों के आंदोलन के कारण रद्द की गईं चार प्रमुख ट्रेनों का परिचालन शनिवार को फिर से बहाल कर दिया गया है।
इनमें तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस शामिल हैं। ट्रेनों के दोबारा चलने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने ट्रेनों का परिचालन बहाल होने की पुष्टि की है। रेलवे के अनुसार, ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार संबंधित स्टेशन से गंतव्य के लिए रवाना होंगी।
रेलवे की ओर से बहाल की गई चार प्रमुख ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:
तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309): राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली।
संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12393): राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली।
अमृत भारत एक्सप्रेस (22361): राजेंद्र नगर टर्मिनल से दिल्ली।
मगध एक्सप्रेस (20801): इस्लामपुर से दिल्ली।
इन ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू होने से उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें ट्रेनें रद्द होने के कारण अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी थी।
रेलवे ने ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाने की जानकारी दी है। हालांकि, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का समय, प्रस्थान स्टेशन और परिचालन की ताजा स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।