PATNA: पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात गैस कटर से मोबाइल शोरूम और गोदाम का शटर काटकर करीब 40 लाख रुपये की नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। बदमाश दुकान से लाखों रुपये नकद, महंगे आईफोन, वीवो कंपनी के मोबाइल, एचपी के लैपटॉप, टीवी और बैटरियां लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों के बीच दहशत और आक्रोश का माहौल है।


रात में गैस कटर से काटा शटर

घटना दनियावां बाजार स्थित एसबीआई बैंक के पीछे गैलेक्सी टावर में संचालित नेहा मोबाइल कॉर्नर में हुई। दुकान के संचालक सुरेंद्र कुमार सोमवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे के बाद 4 से 5 बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे। उन्होंने गैस कटर से दुकान का शटर और लोहे की ग्रिल काटी तथा शोरूम और गोदाम के अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद बदमाशों ने करीब 3.20 लाख रुपये नकद, कई महंगे आईफोन, वीवो मोबाइल, 10 एचपी लैपटॉप, टीवी और बैटरियों सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया।


सुबह खुला चोरी का राज

मंगलवार सुबह एक परिचित ने दुकान संचालक सुरेंद्र कुमार को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने दुकान का शटर कटा देखा, जिसके बाद उनके होश उड़ गए। तत्काल डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में जब दुकान खोली गई तो तिजोरी से नकदी गायब थी और शोरूम व गोदाम से बड़ी मात्रा में कीमती सामान चोरी हो चुका था।


एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर माया कुमारी और दनियावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।


4 से 5 बदमाशों के शामिल होने की आशंका

फतुहा के एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस चोरी में 4 से 5 अपराधियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।