पटना: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को पटना के फुलवारीशरीफ स्थित वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (पटना डेयरी प्रोजेक्ट) में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्वेत क्रांति के जनक और पटना डेयरी प्रोजेक्ट के संस्थापक अध्यक्ष पद्मविभूषण डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती मनाई गई। संघ के अध्यक्ष संजय कुमार और प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने डॉ. कुरियन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष संजय कुमार ने डॉ. कुरियन के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. कुरियन ने किसानों को डेयरी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें संगठित करने और उनके दूध का उचित मूल्य दिलाने पर विशेष जोर दिया था। उनका मानना था कि सहकारी संस्थाओं का संचालन किसानों के हितों और उनकी भागीदारी को केंद्र में रखकर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति डॉ. कुरियन का अटूट विश्वास, समर्पण और आत्मनिर्भरता का दृष्टिकोण ही श्वेत क्रांति की आधारशिला बना।
वहीं, संघ के प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने कहा कि डॉ. वर्गीज कुरियन पटना डेयरी के संस्थापक अध्यक्ष थे। पटना डेयरी के विकास और सुदृढ़ीकरण में उनकी दूरदर्शी सोच, कुशल मार्गदर्शन और अथक प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ. कुरियन का दृढ़ विश्वास था कि डेयरी उद्योग की वास्तविक ताकत ग्रामीण क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादक किसान हैं। किसानों की आर्थिक और सामाजिक समृद्धि के बिना सहकारिता आंदोलन की सफलता संभव नहीं है। पटना डेयरी के लिए उनके विचार और आदर्श आज भी मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम के अंत में संघ के निदेशक मंडल के सदस्यों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी डॉ. कुरियन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि श्वेत क्रांति में डॉ. वर्गीज कुरियन का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।