Bihar Cyber Fraud: साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है. अश्लील वीडियो देखने के आरोप में केस दर्ज होने और जेल जाने का डर दिखाकर पटना के मनेर की एक युवती से 98 हजार रुपये ठग लिए. वहीं, एटीएम में कार्ड फंसने के बाद दो लोगों के खाते से भी 58 हजार रुपये निकाल लिए गए.


पटना में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ठग अब लोगों को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे ऐंठ रहे हैं. मनेर की एक युवती को अलग-अलग नंबरों से फोन कर बताया गया कि अश्लील वीडियो देखने के कारण उसके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है. इसके बाद उसे जेल भेजने की धमकी दी गई.


फोन करने वालों ने युवती से कहा कि अगले 30 मिनट के भीतर पुलिस अधिकारी उसके घर पहुंच जाएंगे और उसे दो साल के लिए जेल भेज दिया जाएगा. अचानक मिली इस धमकी से युवती घबरा गई.


इसके बाद ठगों ने उसे राहत देने का नाटक किया. उन्होंने कहा कि जुर्माना भरने पर मामला खत्म हो जाएगा. जेल जाने के डर से युवती उनकी बातों में आ गई और धीरे-धीरे 98 हजार रुपये दे दिए.


पैसे मिलने के बाद भी ठगों ने और रकम की मांग की. तब युवती को शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है. इसके बाद उसने साइबर थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.


एटीएम में कार्ड फंसा, खाते से निकले 46 हजार रुपये

पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के चाणक्य नगर निवासी नीरू देवी भी साइबर ठगी का शिकार हो गईं. उन्होंने पुलिस को बताया कि भागवत नगर स्थित बैंक में रुपये निकालने के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया.


कार्ड मशीन में ही छोड़कर वह अपने परिजनों को जानकारी देने घर चली गईं. इसी दौरान उनके खाते से 46 हजार रुपये की अवैध निकासी हो गई.


दूसरे व्यक्ति के खाते से भी निकले 12 हजार रुपये

एक अन्य मामले में जय महावीर कॉलोनी निवासी आशुतोष कुमार ने बहादुरपुर थाना पुलिस को बताया कि रुपये निकालते समय उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था. इसके बाद उनके खाते से 12 हजार रुपये निकाल लिए गए.


पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.