Bihar Crime News : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर बदमाशों ने खुलेआम गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी। इस बार मामला पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र का है, जहां आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम तीन युवक एक कार से पटना से फतुहा के डुमरी इलाके पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जिस कार से युवक आए थे, उस पर “भारत सरकार” और “GST” लिखा हुआ था, जिससे पूरे मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, डुमरी संपर्क पथ के पास किसी बात को लेकर तीनों युवकों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और फिर गोलीबारी तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो झगड़े के दौरान दो युवकों ने मिलकर बिट्टू नाम के युवक पर फायरिंग कर दी। गोली बिट्टू के कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भागने लगे।
घायल युवक की पहचान पटना के कोरजी निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे फतुहा अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से संदिग्ध कार को जब्त कर लिया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। जांच के दौरान मौके से तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है, जो इस बात की पुष्टि करता है कि वहां ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आरोपी भाग रहे थे, तब कुछ युवकों ने उनका पीछा करने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा फायरिंग भी की, हालांकि इस बार कोई घायल नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते वे नहीं हटते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फतुहा डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस गोलीकांड ने एक बार फिर राजधानी पटना की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलेआम हुई इस वारदात से स्थानीय लोग दहशत में हैं और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।