Patna fire safety audit: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बिहार की राजधानी पटना में भी फायर सेफ्टी को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। अग्निशमन विभाग की ओर से शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का ऑडिट किया जा रहा है, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।


मुसल्लहपुर इलाके में सुबह से अब तक लगभग 12 कोचिंग संस्थानों का ऑडिट किया जा चुका है, लेकिन किसी भी संस्थान में फायर सेफ्टी व्यवस्था पूरी तरह संतोषजनक नहीं पाई गई। हर जगह कुछ न कुछ कमियां मिली हैं।


इसी क्रम में बोरिंग रोड चौराहा के पास स्थित खान ग्लोबल स्टडीज में निरीक्षण के लिए DIG मनोज कुमार नट अग्निशमन टीम के साथ पहुंचे और फायर सेफ्टी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। वहीं अग्निशमन विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार शर्मा ने किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज, कौटिल्या जीएस टीचिंग सेंटर और ज्ञान बिंदु जीएस अकेडमी का दोबारा ऑडिट किया।


निरीक्षण के दौरान टैंक, फायर अलार्म सिस्टम, फायर सीढ़ी और स्प्रिंकलर सिस्टम जैसी सुविधाओं में गंभीर कमियां पाई गईं, जिनमें अब तक सुधार नहीं हुआ है। अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों को दोबारा सुधार के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।


अधिकारियों ने कहा कि जहां भी खामियां पाई गई हैं, उन्हें नोट कर लिया गया है और सुधार के लिए सुझाव दिए जाएंगे। साथ ही चेतावनी दी गई है कि सभी कोचिंग संस्थानों को फायर सेफ्टी सिस्टम दुरुस्त करना अनिवार्य होगा, अन्यथा वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कोचिंग सील करने तक की कार्रवाई संभव है।


डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि जो भी कोचिंग संस्थान हैं उसमें बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ रहे हैं। उसकी आग से सुरक्षा और बचाव की जांच हम लोग कर रहे हैं। हमारी टीम अभियान चलाकर जांच कर रही है। 170 संस्थान फायर सेफ्टी का अनुशरण कर चुके हैं लेकिन जिनके स्तर से अनुपालन नहीं किया गया है, उनको पहले भी नोटिस दी जा चुकी है। अभी इसकी जांच हो रही है कि ये फायर सेफ्टी के नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि खान ग्लोबल स्टडीज में निरीक्षण के दौरान एग्जिट की एक समस्या पाई गई है। जो सीढ़ी है वह सही नहीं है। फायर स्पिंकलर वहां पर नहीं है। उसका सर्वर सिल्ड होना चाहिए, जो नही है। इलेक्ट्रीक पैनल्स सील नहीं हैं। करीब 6 वीडों एसी लगे हुए हैं, इसकी भी जांच की जा रही है कि जो बिजली का लोड है वह नियम के हिसाब से है या नहीं।


उनका कहना था कि ऐसा नहीं है कि हम लोगों का फोसक सिर्फ खान ग्लोबल स्टडिज पर ही है। हमारे डीजी ने निर्दश दिया है कि जितने भी कोचिंग संस्थान है, सबी की जांच की जाए। करीब 204 कोचिंग सेंटर्स की जांच की गई है। जिसमें से करीब 180 में फायर सेफ्टी के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। हमारा उद्देश्य है कि बच्चे देश के भविष्य हैं उनकी सुरक्षा में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। नियमों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी कर एल्टीमेटम दिया जा रहा है।


गौरतलब है कि लखनऊ में सोमवार दोपहर एक इमारत में आग लगने की घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद देशभर में फायर सेफ्टी को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है, जिसका असर अब पटना में भी देखने को मिल रहा है।