Bihar News: बिहार में मुख्यमंत्री सचिवालय के बाहर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब सचिवालय के ठीक बाहर एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। घटना के समय मुख्यमंत्री सचिवालय में बैठक चल रही थी।
पेड़ गिरने से वहां मौजूद कई पुलिसकर्मी और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि, पेड़ की चपेट में आने से कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद मौके पर तत्काल पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। साथ ही सड़क से गिरे हुए पेड़ को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
विशाल पेड़ गिरने के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन की ओर से मौके पर स्थिति को सामान्य करने और यातायात सुचारू करने की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना