Patna Road Accident: पटना सिटी में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बाइपास थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी के पास फोरलेन पर हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के हरिपुर थाना क्षेत्र निवासी 31 वर्षीय अमरेश कुमार और असरगंज थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय मंजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों निजी काम करते थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वे इलेक्ट्रिक का काम करते थे और पटना के मीठापुर इलाके में किराये के मकान में रहते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात और स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे। पुलिस उन्हें इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया है। यातायात थानाध्यक्ष के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार के सदस्य पटना आ रहे हैं। उनके पहुंचने के बाद मामले से संबंधित अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। यातायात थानाध्यक्ष के अनुसार, जब्त ट्रक के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।