Patna News: बिहार की राजधानी पटना में अवैध ईंट भट्ठों और अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। सोमवार सुबह पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित दमराही घाट पर प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल और कई जेसीबी मशीनों के साथ पहुंची। इसके बाद अवैध ईंट भट्ठों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान अब तक 11 चिमनियों को ध्वस्त कर दिया गया है।
सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी और हलचल मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कई जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान पटना सिटी पूर्वी एसपी, डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सिटी एसपी शैलजा भी कार्रवाई की निगरानी करती नजर आईं।
जिला प्रशासन की योजना दीदारगंज से लेकर गायघाट तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने की है। इसके तहत रास्ते में आने वाले अवैध ईंट भट्ठों और अन्य अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की टीमें पूरे इलाके में अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटी हैं।
बताया जा रहा है कि न्यायालय की ओर से जिला प्रशासन को कार्रवाई पूरी करने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन का यह अभियान अतिक्रमण हटाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। जिला प्रशासन की योजना के अनुसार आने वाले दिनों में दीदारगंज से गायघाट तक अन्य अवैध ईंट भट्ठों और अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।