PATNA: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। महापर्व को लेकर पटना जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्टीमर पर सवार होकर पटना के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार सरकार के मुख्य सचिव और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने छठ की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि छठ की तैयारियों की समीक्षा की गई है। लोगों की राय और सुझावों के आधार पर जिला प्रशासन काम कर रहा है। पटना के कुल 103 घाटों में से 90 घाट पूरी तरह सुरक्षित पाए गए हैं, जबकि 13 घाटों को खतरनाक घोषित कर चिन्हित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी छठव्रती को परेशानी न हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दूसरे प्रदेशों में रहने वाले बिहार के लोगों से भी छठ महापर्व में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ हमारी आस्था और संस्कृति का अपना पर्व है। दूसरे प्रदेशों के लोग भी बिहार आकर देखें कि यहां किस तरह श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व मनाया जाता है।
पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट