बिहार की राजधानी पटना से सटे पटना सिटी इलाके में शुक्रवार को सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। जीरो माइल के पास एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने NH-30 को जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

घटना अगम कुआं थाना क्षेत्र के पहाड़ी पंप हाउस के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक बेलगाम बस ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग, जमकर किया हंगामा

युवक की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ गई और NH-30 पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।लोगों ने सड़क पर आगजनी शुरू कर दी और वाहनों की आवाजाही रोक दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

बस और पुलिस वाहनों को किया आग के हवाले

हंगामा बढ़ने के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित भीड़ ने हादसे में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तीन गाड़ियों को भी फूंक दिया। अचानक हुए इस उपद्रव से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ काफी उग्र थी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

मीडिया कर्मियों पर भी हमला

हंगामे की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को भी भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने कुछ मीडिया कर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी की। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद पत्रकारों में भी नाराजगी देखी गई।

इलाके में तनाव, पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है। वीडियो फुटेज और अन्य माध्यमों से हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े। वहीं, मृतक के परिवार को हादसे की जानकारी दे दी गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क हादसे के बाद हुई आगजनी और हिंसा ने एक बार फिर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इलाके में सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।