Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर घर में घुसकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है. बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में मंगलवार देर रात दो बाइक सवार अपराधियों ने घर का दरवाजा खुलवाकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने युवक के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए. मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है.


घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.


रात 11:30 बजे घर पहुंचे थे दो अपराधी

जानकारी के अनुसार, इरफान पिछले करीब दो साल से सिमरी गांव में किराये के मकान में रह रहे थे. मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे दो बाइक सवार उनके घर पहुंचे. दोनों ने दरवाजा खुलवाया. जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.


फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर निकले और पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो इरफान की मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद अपराधी उनका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए.


इस घटना के बाद इरफान पर करीब एक महीने पहले हुए हमले की बात भी सामने आई है. उनकी पत्नी नेहा परवीन के अनुसार, लगभग एक महीने पहले वह अपने पति के साथ बाइक से आरा से लौट रही थीं. इसी दौरान बिहटा के मौदही गांव के पास अज्ञात लोगों ने उन पर हवाई फायरिंग की थी. हालांकि, उस समय दोनों बाल-बाल बच गए थे.


अब इरफान की हत्या के बाद पुराने हमले को भी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं.


बताया जा रहा है कि हत्या के वक्त इरफान का बड़ा बेटा उनके साथ कमरे में सो रहा था. उनकी पत्नी नेहा परवीन और छोटा बेटा वहां मौजूद नहीं थे. पत्नी उस समय अपने मायके में थीं, जो सिमरी गांव में ही है.


इरफान और नेहा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं. पारिवारिक विवाद के कारण इरफान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रहे थे.


बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सिमरी गांव में युवक की हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक के सिर में गोली लगी हुई थी. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है.


थानाध्यक्ष के अनुसार, अपराधी मृतक का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए हैं. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है. साथ ही मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.