Bihar News: बिहार के हवाई यात्रियों के लिए राहत की खबर है. पटना और मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बीच सोमवार से सीधी विमान सेवा शुरू हो गई है. इस सेवा के शुरू होने से अब यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या किसी दूसरे शहर में विमान बदलने की जरूरत नहीं होगी. सीधी उड़ान से पटना और भोपाल के बीच यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा.
पटना एयरपोर्ट के निदेशक सीपी द्विवेदी के अनुसार, पटना-भोपाल के बीच नई विमान सेवा का संचालन एलायंस एयर की ओर से किया जा रहा है. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और रविवार को संचालित होगी.
पटना से दोपहर 1:40 बजे उड़ान
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान दोपहर करीब 1:40 बजे भोपाल के लिए उड़ान भरेगा. इसके बाद विमान भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेगा. वहीं वापसी में भोपाल से पटना के लिए भी सीधी उड़ान की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
पटना से भोपाल के बीच हवाई सफर करीब ढाई घंटे में पूरा होगा. वापसी की उड़ान से विमान शाम करीब 7:35 बजे पटना पहुंचेगा. इस सेवा में 70 सीटों वाले विमान का इस्तेमाल किया जा रहा है.
शुरुआती किराया करीब 4,600 रुपये
पटना से भोपाल के बीच सीधी उड़ान का शुरुआती किराया करीब 4,600 रुपये निर्धारित किया गया है. हालांकि टिकट की कीमत बुकिंग की तारीख, सीटों की उपलब्धता और यात्रियों की मांग के आधार पर अलग-अलग हो सकती है.
दिल्ली-मुंबई में विमान बदलने की जरूरत नहीं
पटना और भोपाल के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने से यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट की परेशानी से राहत मिलेगी. अभी दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को कई बार दिल्ली, मुंबई या किसी अन्य एयरपोर्ट पर विमान बदलना पड़ता है, जिससे सफर का समय बढ़ जाता है.
सीधी उड़ान शुरू होने से नौकरी, पढ़ाई, कारोबार और इलाज के सिलसिले में मध्य प्रदेश जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी. वहीं भोपाल और मध्य प्रदेश के दूसरे हिस्सों से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए भी पटना पहुंचना आसान होगा.