PATNA: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के निर्देश पर खाद्य संरक्षा इकाई और औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को भी पटना के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। राज्य में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा पटना में छापेमारी की गयी। इस दौरान बरिस्ता (Barista) और स्टारबक्स (Starbucks) सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि का स्पष्ट उल्लेख नहीं पाया गया। साथ ही, खाद्य सामग्री के भंडारण में एफआईएफओ (First In, First Out) और एफईएफओ (First Expiry, First Out) प्रणाली के अनुपालन में भी कमियां सामने आईं। कुछ स्थानों पर साफ-सफाई, कर्मचारियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा पानी की गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेजों में सुधार की आवश्यकता पाई गई।


निरीक्षण के दौरान अनुपयुक्त एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसमें मिंट मोजिटो, सैंडविच, मफिन, पेस्ट्री, वेज एवं नॉनवेज पफ, कोकोनट लिक्विड, हॉट चॉकलेट पाउडर, गार्लिक ब्रेड तथा पिस्ता सिरप सहित विभिन्न खाद्य उत्पाद शामिल हैं। अलग-अलग प्रतिष्ठानों में नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री का कुल मूल्य ₹15,525 है। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को अनुपयुक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से बचाने के उद्देश्य से की गई।


खाद्य संरक्षा टीम ने बरिस्ता के विभिन्न आउटलेट्स से कॉफी, कॉफी बीन्स, चॉकलेट एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। वहीं, स्टारबक्स के एक प्रतिष्ठान से भी कॉफी का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण में सामने आई कमियों के मद्देनजर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, नियमित साफ-सफाई, कर्मचारियों द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, पारदर्शिता और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन की व्यवस्था को और मजबूत करना है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।