Patna Road News: पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल की है. बांकीपुर अंचल के विभिन्न वार्डों में 1.81 करोड़ रुपये की लागत से भूगर्भ नालों और पीसीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए नगर निगम की ओर से 9 योजनाओं के तहत निविदा जारी कर दी गई है. सभी निर्माण कार्यों को तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.


इन योजनाओं के पूरा होने से इलाके की कई गलियों में जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, जर्जर रास्तों की जगह पक्की सड़कें बनने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में भी सहूलियत होगी. इसके अलावा वार्ड 48 के चक मुसल्लहपुर में कुशवाहा पंचायत भवन (नरेश विद्या मंदिर) का भी निर्माण कराया जाएगा. इस भवन पर 24.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.


वार्ड 36 से 49 तक इन इलाकों में होंगे काम

नगर निगम की योजना के तहत वार्ड 36 में गौरिया स्थान से पूरब गली में सावित्री सदन से उमेश यादव के मकान तक भूगर्भ नाला और पीसीसी सड़क बनाई जाएगी. इस काम पर 16.54 लाख रुपये खर्च होंगे. इसी वार्ड के लालजी टोला में दिलीप किराना से हनुमान मंदिर तक नाला और सड़क निर्माण के लिए 15.24 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं.


वार्ड 41 के जीएम रोड गली में रितु कुंज से डॉ. रामजी प्रसाद के घर होते हुए मनोज कुमार तक नाला और पीसीसी सड़क बनाई जाएगी. इस योजना पर 18.80 लाख रुपये खर्च होंगे. वहीं, चमन टोली में सत घरवा से श्रीलाल तक नाला और सड़क निर्माण के लिए 16.01 लाख रुपये की राशि तय की गई है.


वार्ड 42 के धरहरा कोठी में जय प्रकाश निवास से कालिका ऑफसेट तक नाला और सड़क निर्माण पर 19.71 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. मारवाड़ी कॉलोनी की अबुलास लेन में भी नाला और पीसीसी सड़क बनाई जाएगी. इसके लिए 23.07 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं.


इसी वार्ड के काजीपुर में चंद्रभूषण के मकान से रोड नंबर तीन तक आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. इस काम पर 15.22 लाख रुपये खर्च होंगे.


रानी घाट और गुलबी घाट रोड को भी मिलेगी नई सड़क

वार्ड 49 के रानी घाट में साईं बाबा मंदिर से गंगा घाट (भूतेश्वर धाम) तक नाला और पीसीसी सड़क बनाई जाएगी. इस योजना पर 15.13 लाख रुपये खर्च होंगे. वहीं, गुलबी घाट रोड में अशोक राजपथ से पीपल तल देवी स्थान तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए 17.52 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं.


नगर निगम के अनुसार, निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी कार्यपालक अभियंता को सौंपी गई है. उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया है. नालों के निर्माण से बारिश के दौरान गलियों में पानी जमा होने की समस्या कम करने और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया गया है.


बता दें कि जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. उनके विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में इन विकास योजनाओं के तहत सड़क और नाला निर्माण कराया जाएगा.