PATNA: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के निर्देश पर खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने वालों को छापेमारी कर दुकानें सील की जा रही है। इसी क्रम में पटना के बख्तियारपुर में छापेमारी की गयी। 


फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने बख्तियारपुर के न्यू बाइपास में नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान 360 किलो पनीर, 635 किलो क्रीम, 400 लीटर दूध और 214 किलो घी जब्त किया गया। वही दुकान को भी सील किया गया है। वही मौके से 30 किलो फॉर्मलीन भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल डेड बॉडी के पोस्टमार्टम के दौरान होता है। 


शव को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए फॉर्मलीन का इस्तेमाल किया जाता है। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि पनीर, घी और दूध जल्दी खराब ना हो इसके लिए डेड बॉडी में लगाने जाने वाले फॉर्मलीन का इस्तेमाल किया जाता है।


 टीम को फैक्ट्री के भीतर काफी गंदगी देखने को मिली। वहां से जो सामान जब्त किया गया, उसकी कीमत 46 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल खाद्य संरक्षा विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है। बरामद समानों के सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा गया है।