पटना: क्या एक महिला को अपनी बात सुनवाने के लिए थाने के भीतर ही अपनी जान दांव पर लगानी पड़े? क्या बार-बार शिकायत देने के बाद भी अगर एफआईआर दर्ज नहीं होती है, तो पीड़ित के पास ऐसा खौफनाक कदम उठाने के अलावा कोई रास्ता बचता है? पटना जिले के अथमलगोला थाना परिसर से सामने आई घटना ने पुलिस व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


रविवार को उस वक्त अथमलगोला थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला शिक्षिका ने कथित तौर पर पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर अपने हाथ की नस काट ली। देखते ही देखते थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग हरकत में आ गए। किसी तरह महिला को संभाला गया और तत्काल इलाज की व्यवस्था की गई। यदि कुछ मिनट और देर हो जाती, तो यह मामला और भी भयावह रूप ले सकता था।


शादी का सपना दिखाया, फिर तोड़ दिया भरोसा?

पीड़ित शिक्षिका का आरोप बेहद गंभीर है। उसके मुताबिक अथमलगोला थाना क्षेत्र का रहने वाला एक युवक, जो वर्तमान में अर्धसैनिक बल में कार्यरत है, लंबे समय तक शादी का भरोसा देता रहा। महिला का कहना है कि इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। लेकिन जब शादी की बात अंतिम दौर में पहुंची, तब युवक अपने वादे से मुकर गया।


महिला का दावा है कि उसने न्याय की उम्मीद में पुलिस का दरवाजा खटखटाया। एक बार नहीं, बल्कि दो-दो बार लिखित आवेदन दिया। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई की। सवाल यह है कि अगर शिकायत वास्तव में दी गई थी, तो उस पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या पुलिस ने मामले को हल्के में लिया, या फिर कोई और वजह थी?


थाने में ही क्यों उठाया आत्मघाती कदम?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक शिक्षिका को थाने के भीतर अपनी नस काटने जैसा कदम क्यों उठाना पड़ा? क्या उसे यह महसूस होने लगा था कि उसकी आवाज कोई नहीं सुन रहा? क्या उसे न्याय मिलने की उम्मीद खत्म हो चुकी थी?इस घटना ने यह बहस भी तेज कर दी है कि जब शिकायतकर्ता खुद थाना परिसर में इस तरह का कदम उठाने को मजबूर हो जाए, तो व्यवस्था की जवाबदेही किसकी होगी? क्या ऐसी घटनाएं यह संकेत नहीं देतीं कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में कहीं न कहीं गंभीर कमी रह गई?


आरोपी जवान ने पलटवार किया, कहा- मुझे फंसाया जा रहा है

दूसरी ओर आरोपी युवक ने फर्स्ट बिहार संवाददाता से टेलीफोनिक बातचीत करते हुए महिला शिक्षक  के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उसका कहना है कि उसने कोई धोखा नहीं दिया और महिला के लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं। युवक का दावा है कि उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे बदनाम करने और कानूनी रूप से फंसाने की कोशिश की जा रही है। युवक का कहना है की मेरे किसी रिश्तेदार के माध्यम से इस लड़की से मेरी शादी को लेकर बातचीत हुई थी उसके बाद मेरे परिवार के लोगों से मुलकात हुई थी और उसी दौरान मेरे से भी मुलाकात हुई थी तभी कुछ तस्वीर भी ली गई थी, इसके अलावा उसके साथ मेरे कोई ख़ास संबंध नहीं रहा है। यानी अब इस मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। एक ओर महिला यौन शोषण और शादी का झांसा देने का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर आरोपी खुद को निर्दोष बताते हुए साजिश का शिकार होने की बात कह रहा है।


अब सच किसके साथ है?

फिलहाल सबसे अहम सवाल यही है कि सच किसके साथ है? क्या महिला के आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य हैं? क्या आरोपी के दावों की भी निष्पक्ष जांच होगी? क्या मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य डिजिटल सबूत इस पूरे विवाद की सच्चाई सामने ला पाएंगे?


कानूनी विशेषज्ञों का भी मानना है कि ऐसे मामलों में बिना जांच किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। यदि शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए गए और शुरू से ही विवाह का इरादा नहीं था, तो मामला गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत आ सकता है। वहीं यदि आरोप झूठे साबित होते हैं, तो कानून उसके लिए भी अलग प्रावधान रखता है।


एसडीपीओ के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस

घटना के बाद महिला सीधे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के पास पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। बताया जा रहा है कि एसडीपीओ के हस्तक्षेप और निर्देश के बाद पुलिस ने मामले में सक्रियता दिखाई और जांच प्रक्रिया तेज कर दी। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर अथमलगोला थानाध्यक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों और दावों की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


कई सवाल, जिनके जवाब अभी बाकी हैं…


इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच पर निर्भर करेंगे। फिलहाल यह मामला सिर्फ एक प्रेम संबंध या शादी के विवाद का नहीं, बल्कि पुलिस कार्रवाई, शिकायतों के निस्तारण और न्याय व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवालों का भी बन चुका है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच क्या सच सामने लाती है और कानून किस दिशा में आगे बढ़ता है।