Bihar Crime News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में मामूली विवाद को लेकर गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक के पास देर रात मेला में दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान ललन पुरी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार ललन पुरी दक्षिणीचक के पास लगे मेला में दुकान लगाते थे. देर रात मेला खत्म होने के बाद वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े. घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
परिजनों के अनुसार ललन पुरी का पड़ोस के ही रहने वाले शंकर कुमार से पहले से विवाद चल रहा था. परिवार का आरोप है कि शंकर कुमार की ओर से ललन को कई बार धमकी भी दी गई थी. इस संबंध में अथमलगोला थाना में शिकायत किए जाने की बात भी परिजनों ने बताई है.
दो गोली लगने की बात सामने आई
घटना के बाद ललन पुरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर के अनुसार ललन के शरीर में दो गोलियां लगी थीं. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने में लगी है.
परिजनों के आरोप और पूर्व विवाद को देखते हुए पुलिस इस पहलू से भी मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.