Patna News: पटना में भारी बारिश के बाद पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। संभावित जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें समय से पहले घर से निकलने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी थी।



जलजमाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (यातायात), पटना ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।



अब राहत की खबर है कि एयरपोर्ट मार्ग पर जल निकासी का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो चुका है और वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से जारी है।



ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।