Bihar News: पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की घटनाएं विमान सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। वर्ष 2025 में एयरपोर्ट पर पक्षियों के विमान से टकराने के नौ मामले सामने आए थे। ताजा घटना के बाद एक बार फिर बर्ड हिट का मामला चर्चा में है।
विमान परिचालन को और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से इसी वर्ष अप्रैल में एयरफील्ड एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमेटी (एईएमसी) की महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इसमें एयरपोर्ट के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, खुले में कचरा और जलजमाव की समस्या दूर करने तथा नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
समिति की बैठक में बताया गया कि एयरफील्ड के आसपास गंदगी, खुले कचरे और जलजमाव के अलावा मांस-मछली की दुकानों से निकलने वाले अवशेष भी पक्षियों को आकर्षित करते हैं। इनके कारण चील और अन्य बड़े पक्षी बड़ी संख्या में एयरपोर्ट के आसपास पहुंचते हैं, जिससे बर्ड स्ट्राइक का खतरा बढ़ जाता है।
पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की घटनाएं
2021 : 2 मामले
2022 : 1 मामला
2023 : 1 मामला
2025 : 9 मामले
बर्ड स्ट्राइक विमान के टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान विशेष रूप से खतरनाक हो सकता है। इसे रोकने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने रनवे और ऑपरेशनल एरिया के आसपास विशेष कर्मियों यानी बर्ड चेजर्स की तैनाती की है।
पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए फायर क्रैकर्स, स्केयर गन्स और शॉट लॉन्चर्स का नियमित इस्तेमाल किया जाता है। विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग के समय बर्ड चेजर्स की संख्या भी बढ़ा दी जाती है, ताकि पक्षियों को रनवे से दूर रखा जा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के दौरान रनवे के किनारे उगने वाली जंगली घास की नियमित कटाई भी जरूरी है। घास में कीड़े-मकौड़े पनपते हैं, जिन्हें खाने के लिए पक्षी एयरपोर्ट क्षेत्र की ओर आकर्षित होते हैं।
एयरपोर्ट के आसपास मांस-मछली की दुकानों पर रोक लगाने का निर्णय कई बैठकों में लिया जा चुका है। इसके बावजूद फुलवारीशरीफ और आसपास के इलाकों में खुले में मांस-मछली की बिक्री पर पूरी तरह रोक का असर नजर नहीं आ रहा है। दुकानों से निकलने वाले अवशेषों के कारण चील और अन्य बड़े पक्षी झुंड में पहुंचते हैं।
वहीं, गर्दनीबाग स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन को स्थानांतरित करने की कवायद भी अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है। एयरफील्ड के आसपास जलजमाव की समस्या का भी पूरी तरह समाधान नहीं हुआ है। इन परिस्थितियों के कारण पटना एयरपोर्ट के आसपास बर्ड स्ट्राइक का खतरा लगातार बना हुआ है।