Patna AIIMS Doctor News: बिहार की राजधानी पटना में एम्स के सर्जरी विभाग के पूर्व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर एक युवती का चार साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है. पीड़िता ने डॉक्टर के खिलाफ फुलवारी शरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत में नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने और शादी से इनकार करने के बाद परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में हाथ जलने के बाद वह इलाज कराने पटना एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभाग पहुंची थी. इसी दौरान उसकी पहचान सर्जरी विभाग में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर से हुई. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दिसंबर 2022 में डॉक्टर ने उसे चाय पिलाने के बहाने एम्स परिसर स्थित बॉयज हॉस्टल के कमरा नंबर 313 में बुलाया.
पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया. जब उसने इसका विरोध किया तो डॉक्टर ने शादी करने का भरोसा दिया और किसी को घटना की जानकारी नहीं देने को कहा. इसके बाद शादी का आश्वासन देकर डॉक्टर उसे पटना के अलग-अलग होटलों में बुलाता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा.
गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी. इसकी जानकारी मिलने पर डॉक्टर ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया. बाद में जब उसने डॉक्टर पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया.
पत्नी के साथ घर पहुंचकर परिवार को धमकाया
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 30 मई को डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ उसके घर पहुंचा था. इस दौरान जब युवती ने शादी की बात उठाई और मामले को सार्वजनिक करने की चेतावनी दी तो डॉक्टर ने उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.
शिकायत में पीड़िता ने 26 अक्टूबर की एक अन्य घटना का भी जिक्र किया है. उसका आरोप है कि दानापुर जाने के दौरान एक ऑटो में उसकी हत्या करने की कोशिश की गई थी. हालांकि, आसपास लोगों की भीड़ मौजूद होने के कारण वह किसी तरह वहां से बचकर निकल गई.
जहानाबाद अस्पताल में स्थानांतरित हो चुका है डॉक्टर
मामले में आरोपी डॉक्टर का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी. वहीं पटना एम्स के सर्जरी विभाग की प्रभारी डॉ. वीणा सिंह ने बताया कि आरोपी डॉक्टर पहले पटना एम्स में कार्यरत था, लेकिन अब उसका स्थानांतरण जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है.
फुलवारी शरीफ थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.