Patna:सोशल मीडिया पर बिहार का वायरल बॉय 6 साल का आदित्य अपने बेबाक अंदाज को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। अब वह पटना के गर्दनीबाग में अपने माता-पिता के साथ धरना पर बैठा हुआ है। आदित्य ने पुलिस पर यह आरोप लगाया कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान उसे जबरन हिरासत में लिया गया और उनके माता-पिता के साथ पुलिस ने मारपीट की। वही मां ने भी कहा कि उनके बेटे को 8 घंटे हिरासत में रखा गया।
हालांकि,पुलिस ने बच्चे को हिरासत में लेने की बात से इनकार किया। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बच्चे को सुरक्षा के लिहाज से वहां से हटाकर थाने ले जाया गया था। बाद में उसे उसकी मां को सौंप दिया गया।
डीजीपी से मिलकर दी थी धरना की चेतावनी
धरना पर बैठने से पहले आदित्य शनिवार को अपने माता-पिता के साथ पटना पुलिस मुख्यालय गया था। जहां उसने बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात कर 25 अगस्त को उसके साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी थी। हिरासत में लेने वाले पुलिस पदाधिकारियों की शिकायत भी की थी। आदित्य ने कथित तौर पर दोषी पुलिसकर्मियों, खासकर एक आईपीएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कहा था कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा तब तक वो धरना पर बैठा रहेगा। अब कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए आदित्य अपने माता-पिता के साथ धरनास्थल गर्दनीबाग पहुंच गया और हाथ में संविधान की किताब लेकर न्याय की मांग करने लगा।
25 अगस्त को डाकबंगला चौराहे पर हुआ था विवाद
दरअसल मामला 25 अगस्त 2026 को पटना के डाकबंगला चौराहे पर हुए छात्र आंदोलन से जुड़ा हुआ है। जब BPSC और TRE-4 के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी छात्रों को समर्थन देने के लिए हाथ में तिरंगा लेकर 6 साल का आदित्य भी प्रोटेस्ट में शामिल हो गया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें पुलिसकर्मी एक छोटे बच्चे को वहां से हटाकर ले जाते दिखाई दिए। जिसके बाद आदित्य को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।
आदित्य की मां का आरोप- करीब 8 घंटे बेटे को थाने में रखा
आदित्य की मां का आरोप है कि पुलिस उनके बेटे को सड़क से अपने साथ ले गई और करीब आठ घंटे तक थाने में रखा। उनका दावा है कि इस दौरान बच्चे को डराया-धमकाया गया। मां के मुताबिक, जब वह अपने बेटे को लेने थाने पहुंचीं तो पुलिसकर्मियों से उनकी कहासुनी हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की।
पुलिस का पक्ष- सुरक्षा के लिए थाने ले जाया गया था
वहीं, बच्चे को हिरासत में लिए जाने के आरोपों पर पटना पुलिस ने कहा है कि आदित्य को गिरफ्तार नहीं किया गया था। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण थी और बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए उसे उपद्रव वाले इलाके से हटाकर थाने ले जाया गया था। पुलिस का कहना है कि बच्चे को थाने में सुरक्षित रखा गया और बाद में उसकी मां को सौंप दिया गया।
कौन है 6 साल का आदित्य?
आदित्य मूल रूप से गया जिले के अतरी प्रखंड के मोहम्मदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। वर्तमान में उसका परिवार पटना के पुनाईचक इलाके में रहता है। उसके पिता मजदूरी करते हैं, और मां घरेलू काम करती हैं। आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और फिलहाल पहली कक्षा में पढ़ता है। छात्र आंदोलन के दौरान सामने आए वीडियो के बाद वह सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था। अब वह अपने माता-पिता के साथ गर्दनीबाग में धरना पर बैठकर कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।
पटना से लिंगम की रिपोर्ट