PATNA: पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद पर सांसद पप्पू यादव ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि खान सर और रौशन आनंद दोनों बिहार की शान हैं और शिक्षा जगत को विवाद का अखाड़ा नहीं बनाना चाहिए।
खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच विवाद को लेकर सांसद पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को किसी भी कीमत पर विवाद और टकराव का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए। पप्पू यादव ने कहा कि हर कोचिंग संस्थान का अपना महत्व है और खान सर तथा रौशन आनंद दोनों ही उनके लिए सम्माननीय हैं। उन्होंने कहा कि दोनों शिक्षक बिहार और उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों के बीच लोकप्रिय हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी अपनी पहचान है।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि "खान सर और रौशन आनंद दोनों मेरे दिल के टुकड़े हैं। यदि किसी से कोई गलती हुई है तो मैं हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि विवाद को यहीं खत्म किया जाए।" पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रौशन आनंद किसी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। वहीं उन्होंने खान सर से भी विवादों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि वह एक वैश्विक पहचान रखने वाले शिक्षक हैं और उन्हें अनावश्यक विवादों से बचना चाहिए।
सांसद ने कहा कि कुछ लोग दोनों शिक्षकों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन छात्रों और शिक्षा जगत के हित में ऐसे प्रयासों को विफल किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोचिंग संस्थान जाति के आधार पर नहीं चलते और न ही किसी प्रतियोगी परीक्षा में चयन जाति के आधार पर होता है।
इस दौरान पप्पू यादव ने राष्ट्रीय राजनीति, पश्चिम बंगाल की स्थिति और दल-बदल की राजनीति पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने रिशु श्री सिन्हा मामले का भी जिक्र करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े विवाद की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है और जांच जारी है।
दरअसल, मंगलवार देर शाम कुछ लोगों ने खान सर के कोचिंग संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़ की थी। इस दौरान संस्थान के एक गार्ड के साथ मारपीट भी की गई थी। घटना के बाद खान सर ने प्रतिद्वंद्वी ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों पर हमला कराने का आरोप लगाया था। शुरुआत में उन्होंने गोलीबारी होने का दावा किया, लेकिन बाद में फायरिंग की बात से इनकार कर दिया। वहीं, पटना पुलिस ने भी अब तक की जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।