Patna: वाराणसी में 29 एवं 30 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फार्माकोलॉजी सम्मेलन काशीफार्माकॉन-2026 के पूर्व सम्मेलन के तहत नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (NSMCH), अमहरा, बिहटा में 27 नवंबर को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका आयोजन महाविद्यालय के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा किया गया।



कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित ने की। इसका आयोजन फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) इश्तेयाक अहमद एवं आयोजन सचिव डॉ. अमृतांशु शेखर के मार्गदर्शन में किया गया।



कार्यशाला की मुख्य थीम "दवा के प्रति जागरूकता और समुदाय की सहभागिता" रही। इसका उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं को दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा सामुदायिक स्तर पर उनकी भूमिका को मजबूत बनाना था। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्राध्यापकों ने आशा कार्यकर्ताओं को दवाओं के सही इस्तेमाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।



प्रथम सत्र में प्रो. (डॉ.) रानी इंदिरा सिन्हा ने दवाओं के तर्कसंगत उपयोग, प्रो. (डॉ.) इश्तेयाक अहमद ने स्व-चिकित्सा के नुकसान तथा प्रो. (डॉ.) मुकेश कुमार ने एंटीबायोटिक के सही उपयोग एवं एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर व्याख्यान दिया।



इसके अतिरिक्त डॉ. शंभु कुमार ने बच्चों, डॉ. अभिजीत कुमार ने बुजुर्गों में दवाओं के उचित उपयोग तथा डॉ. शांतनु वत्स एवं डॉ. राजीव कुमार नीरज ने घर पर दवाओं के इस्तेमाल में होने वाली सामान्य गलतियों पर जानकारी दी।



दोपहर के सत्र में डॉ. शिल्पी मिश्रा ने दवाओं के उचित वितरण एवं सुरक्षित निपटान, प्रो. (डॉ.) अनिमेष गुप्ता ने टीकाकरण तथा डॉ. प्रिया ने स्वास्थ्य संबंधी मिथकों एवं भ्रांतियों पर व्याख्यान दिया।



कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित ने आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने दवाओं के सुरक्षित उपयोग, एंटीबायोटिक के दुरुपयोग और दवाओं के दुष्प्रभावों के प्रति गांव-गांव में जागरूकता फैलाने की अपील की।



कार्यशाला में दवाओं के सुरक्षित उपयोग, स्व-चिकित्सा के नुकसान एवं दवाओं से होने वाली प्रतिकूल प्रतिक्रियाओं (ADR) की रिपोर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।



इस कार्यशाला के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर ग्रामीण एवं सामुदायिक स्तर पर दवाओं के सुरक्षित और तर्कसंगत उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।