Nitish Setu News: पटना में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन नीतीश सेतु पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. सोमवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाते पकड़े गए 123 चालकों का चालान काटा गया. इन सभी पर कुल 3 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.


यातायात पुलिस के अनुसार, नवनिर्मित छह लेन पुल पर कई वाहन चालक कम दूरी तय करने के चक्कर में गलत दिशा से गाड़ियां चलाते हैं. इससे पुल पर आमने-सामने वाहनों के आने का खतरा बना रहता है और सड़क हादसे की आशंका बढ़ जाती है. इस पर रोक लगाने के लिए पुल पर यातायात पुलिस की टीम तैनात की गई है.


पुलिस की टीम लगातार वाहन चालकों को गलत दिशा में गाड़ी नहीं चलाने और निर्धारित लेन का पालन करने के लिए जागरूक कर रही है. इसके बावजूद कुछ चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं. ऐसे वाहन चालकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है.


सोमवार को चलाए गए अभियान में 123 वाहन चालकों को नियम तोड़ते पकड़ा गया. पुलिस ने सभी का चालान काटते हुए कुल 3.81 लाख रुपये का जुर्माना लगाया.


यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि थोड़ी दूरी बचाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की सुरक्षा खतरे में न डालें. पुल पर निर्धारित लेन में ही गाड़ी चलाएं और वाहन की गति नियंत्रित रखें.


पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की भी हिदायत दी है. यातायात पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी.