Nitish Setu Inauguration: बिहार के राघोपुर दियारा के लोगों के लिए दशकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. आजादी के बाद पहली बार राघोपुर दियारा क्षेत्र सीधे सड़क मार्ग से राजधानी पटना से जुड़ने जा रहा है. गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इसके साथ ही राघोपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को पटना आने-जाने के लिए सीधा सड़क मार्ग मिल जाएगा.
अब तक गंगा के उस पार बसे राघोपुर दियारा के लोगों को राजधानी पहुंचने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. सड़क संपर्क की कमी के कारण लोगों को नाव और दूसरे रास्तों पर निर्भर रहना पड़ता था. खासकर मरीजों को इलाज के लिए पटना ले जाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के काम के लिए लोगों को काफी मुश्किल होती थी. लेकिन नीतीश सेतु पर परिचालन शुरू होने के बाद यह तस्वीर बदलने वाली है.
कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के बिदुपुर तक बने इस पुल से राघोपुर दियारा, पटना और वैशाली के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा. इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों का सफर आसान होगा, बल्कि उत्तर बिहार के कई जिलों से राजधानी आने-जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा.
5,571 करोड़ की लागत से बना 19.76 किलोमीटर लंबा पुल
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल परियोजना को 5,571 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है. पूरी परियोजना की लंबाई 19.76 किलोमीटर है. इसमें गंगा नदी पर 9.76 किलोमीटर लंबा पुल और दोनों तरफ 10 किलोमीटर लंबा पहुंच पथ बनाया गया है.
यह पुल पटना के एनएच-30 स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली के एनएच-103 स्थित बिदुपुर से जोड़ेगा. इसके चालू होने से राघोपुर के लोगों को पटना पहुंचने के लिए सीधा सड़क मार्ग मिलेगा. साथ ही समस्तीपुर और दरभंगा की ओर जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा होगी.
मरीजों से लेकर किसानों और कारोबारियों तक को फायदा
नीतीश सेतु शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलने वाला है. अभी तक इस इलाके में रहने वाले लोगों के लिए पटना पहुंचना आसान नहीं था. खासकर स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती थी.
पुल चालू होने के बाद मरीजों को इलाज के लिए पटना ले जाना आसान होगा. इसके अलावा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ इलाके में रोजगार और विकास के नए रास्ते भी खुलने की उम्मीद है.
नीतीश सेतु के चालू होने से गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है. फिलहाल उत्तर बिहार से पटना आने-जाने वाले वाहनों का काफी दबाव इन दोनों पुलों पर रहता है. नया पुल शुरू होने के बाद वैशाली और राघोपुर की ओर से आने वाले वाहनों को एक वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा.
इससे पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन पहले से अधिक आसान हो सकेगा.
2012 में बनी थी पुल निर्माण की योजना
गंगा नदी पर कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच छह लेन पुल बनाने की परिकल्पना वर्ष 2012 में की गई थी. इसके बाद परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए कई स्तरों पर प्रक्रिया पूरी की गई.
सितंबर 2012 में आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी. फरवरी 2013 में ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हुई. जून 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने पुल के एलाइनमेंट का प्रस्तुतीकरण किया गया.
अगस्त 2014 में केंद्र सरकार ने एशियन डेवलपमेंट बैंक से ऋण की सिफारिश की. दिसंबर 2014 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से एनओसी मिली. मार्च 2015 में मंत्रालय स्तर पर निर्माण को लेकर बैठक हुई और जुलाई 2015 में अंतरराष्ट्रीय निविदा आमंत्रित की गई.
अब करीब 14 साल बाद यह परियोजना पूरी होकर आम लोगों के लिए खुलने जा रही है. 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के बाद नीतीश सेतु पर आवागमन शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा. राघोपुर दियारा के लोगों के लिए यह सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि आजादी के बाद पहली बार राजधानी पटना से सीधा सड़क संपर्क मिलने का बड़ा बदलाव होगा.