Bihar News : बिहार की राजनीति में इन दिनों एक पुल सिर्फ दो किनारों को जोड़ने का काम नहीं कर रहा, बल्कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी दूरी भी बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे से ठीक पहले कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को घेर लिया है। उन्होंने पुराने विधानसभा दस्तावेज सामने रखकर सवाल किया है कि आखिर पहले जिन नामों पर चर्चा हो रही थी, वे अचानक कहां गायब हो गए?
तेजस्वी यादव ने इस पूरे मामले को केवल नामकरण का मुद्दा नहीं, बल्कि सरकार की बदलती मंशा से जोड़ दिया है। उनका कहना है कि पहले इस पुल का नाम वैशाली के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग उठाई गई थी। इसके बाद बिहार सरकार ने विधानसभा में जवाब दिया था कि पुल का नाम दशम सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने की दिशा में कार्रवाई चल रही है। लेकिन अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अचानक इसका नाम नीतीश सेतु रखने का ऐलान कर दिया। इसी बदलाव को लेकर तेजस्वी ने सरकार से सवाल पूछे हैं।
जनवरी में अक्षयवट राय के नाम की उठाई थी मांग
तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कुछ पुराने दस्तावेज साझा किए हैं। इन दस्तावेजों के जरिए उन्होंने यह बताने की कोशिश की है कि पुल के नामकरण को लेकर उनकी मांग नई नहीं है। उनके मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को उन्होंने बिहार विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग उठाई थी।
इस संबंध में उन्होंने विधानसभा के प्रभारी सचिव को पत्र भी लिखा था। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को विधानसभा के दूसरे सत्र के लिए उनका गैर-सरकारी संकल्प संख्या 65/2026 दर्ज किया गया। इसमें स्पष्ट रूप से पुल का नाम अक्षयवट राय सेतु रखने का प्रस्ताव दिया गया था। तेजस्वी का तर्क है कि वैशाली की धरती से जुड़े स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर इस महत्वपूर्ण पुल का नामकरण होना चाहिए था। इससे क्षेत्र के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले लोगों को सम्मान मिलता।
सरकार ने दिया था गुरु गोविंद सिंह के नाम का जवाब
इस विवाद में सबसे दिलचस्प मोड़ बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग का वह जवाब है, जिसे तेजस्वी यादव ने सार्वजनिक किया है। विभाग की ओर से 10 फरवरी 2026 को जारी पत्र में कहा गया था कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम दशम सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर करने के लिए पहले ही विभाग को प्रतिवेदन प्राप्त हो चुका है। इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यानी फरवरी में सरकार की ओर से विधानसभा को बताया गया था कि पुल के नामकरण को लेकर गुरु गोविंद सिंह जी के नाम का प्रस्ताव विचाराधीन है। लेकिन अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा कर दी है।
तेजस्वी इसी विरोधाभास को लेकर सरकार पर हमलावर हैं। उनका सवाल है कि जब सरकार पहले ही एक दूसरे नाम पर कार्रवाई की बात कह चुकी थी, तो फिर अचानक फैसला कैसे बदल गया? क्या पहले दिए गए जवाब और प्रस्ताव अब सरकार के लिए कोई मायने नहीं रखते?
नीतीश कुमार की सहमति का भी किया दावा
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में नीतीश कुमार का भी जिक्र किया है। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति थी कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाए। तेजस्वी के मुताबिक, जब नीतीश कुमार पूरी तरह अचेत अवस्था में चले गए, तब उन्होंने विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के जरिए दोबारा इस मांग को उठाया। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य पर भी तंज कसा।
तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब पुल का नाम एक ऐसे जीवित व्यक्ति के नाम पर रखा जा रहा है, जिनकी राजनीति बीजेपी दफन कर चुकी है। उनके इस बयान को नीतीश कुमार और बीजेपी के बीच मौजूदा राजनीतिक समीकरणों पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
पीएम मोदी के उद्घाटन पर भी उठाए सवाल
नामकरण विवाद के बीच तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे को भी निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करीब एक साल दो महीने पहले ही हो चुका है और इस पर वाहनों का परिचालन भी शुरू है। ऐसे में अब प्रधानमंत्री दोबारा इसका उद्घाटन करने क्यों आ रहे हैं?
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पुल के निर्माण और इससे जुड़े फैसलों में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री वैशाली और राघोपुर की ऐतिहासिक धरती पर पहुंचकर पुल के उद्घाटन के बहाने तस्वीर खिंचवाना चाहते हैं। इसी को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'फोटोजीवी' कहकर निशाना साधा।
एक पुल, तीन नाम और आमने-सामने सत्ता-विपक्ष
दरअसल, कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल अब अपनी इंजीनियरिंग और यातायात सुविधा के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी केंद्र बन गया है। एक तरफ अक्षयवट राय के नाम की मांग, दूसरी तरफ गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर कार्रवाई का सरकारी जवाब और अब नीतीश सेतु की घोषणा ने इस मामले को नया राजनीतिक रंग दे दिया है।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से ठीक पहले उठा यह विवाद आने वाले दिनों में और गरमा सकता है। अब देखना होगा कि सरकार नामकरण को लेकर विपक्ष के सवालों का क्या जवाब देती है और क्या 'नीतीश सेतु' के नाम पर अंतिम मुहर लगने के साथ यह विवाद थमता है या बिहार की राजनीति में एक नया सियासी मुद्दा बन जाता है।