Nitish Setu:गंगा नदी पर बन रहे महत्वाकांक्षी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नाम पर रखने की घोषणा सरकार ने की है। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम‘नीतीश सेतु’रखा है। 21 नवम्बर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इस ब्रीज का नाम नीतीश सेतु रखे जाने के फैसले का स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह सराहनीय फैसला है, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के नाम पर कच्ची दरगाह राघोपुर बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम रखे जाने से काफी खुश हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि आगामी 21 नवंबर को देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा लोकार्पित होने जा रहे कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण आधुनिक बिहार के शिल्पकार, हमारे नेता आदरणीय श्री @NitishKumar के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखने का सराहनीय निर्णय लिया गया है। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री @samrat4bjp जी एवं माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
यह पुल आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के ही विजन, मार्गदर्शन और विकास के प्रति उनके संपूर्ण समर्पण का प्रतीक है। ऐसे में उनके ही नाम पर इसका नामकरण करने का निर्णय प्रदेश की सेवा में उनके 20 वर्षों के अतुलनीय योगदान एवं उनकी विकासपरक राजनीति के प्रति सम्मान है। हमें पूर्ण विश्वास है कि गंगा नदी पर बना यह अत्याधुनिक छह लेन का पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच विकास का सेतु साबित होगा।
मुख्यमंत्री के रूप में आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने जिस दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के साथ बिहार के सुदूरवर्ती गाँवों तक सड़कों एवं पुल-पुलियों का जाल बिछाकर दुर्गम इलाकों को सुगम बनाया और नदियों पर विशाल सेतु बनाकर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया, वह आधुनिक बिहार के नवनिर्माण में उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकासपरक सोच का सशक्त प्रमाण है। वर्ष 2005 से पूर्व प्रदेश में जहाँ गंगा नदी पर मात्र चार पुल थे, वहीं आज इनकी संख्या बढ़कर लगभग डेढ़ दर्जन हो गई है, जिनमें से कुछ चालू हो चुके हैं और कुछ निर्माणाधीन हैं।
आने वाले समय में भी बिहार के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, दूरदर्शी सोच और जनसेवा का संकल्प बिहार की प्रगति को नई दिशा देने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।