PATNA: पटना स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही बयानबाजी के बीच शनिवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह के पटना स्थित आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बंद कमरे में बातचीत हुई। बैठक खत्म होने के बाद ललन सिंह खुद नीतीश कुमार को उनकी गाड़ी तक छोड़ने आए।


दरअसल, मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल रखा है। अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार को हराने और उनकी जमानत जब्त कराने की बात कही है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन देने का भी ऐलान किया है।


बात AK-47 और नार्को टेस्ट तक पहुंची

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद अब तीखी बयानबाजी तक पहुंच गया है। दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे को लेकर AK-47 और नार्को टेस्ट जैसे मुद्दों पर बयान दिए गए हैं। नीरज कुमार ने अनंत सिंह को अपने आरोपों के सबूत के साथ कोर्ट जाने की चुनौती भी दी है।


इस विवाद के बीच जेडीयू के भीतर मतभेद और गुटबाजी की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी में टूट की अटकलों को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जेडीयू पूरी तरह एकजुट है और पार्टी के भीतर किसी भी तरह का मतभेद होने पर उसे बातचीत के जरिए सुलझा लिया जाएगा।


नीतीश-ललन की मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा

नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब पटना स्नातक MLC चुनाव को लेकर पार्टी के अंदर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद खुलकर सामने आ चुका है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस मुलाकात के बाद अनंत सिंह को लेकर पार्टी स्तर पर किसी फैसले की चर्चा भी तेज हुई है। हालांकि, इस संबंध में जेडीयू की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।  जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की ओर से फिलहाल यही कहा जा रहा है कि पार्टी अपने अंदर के मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाएगी। ऐसे में अब सबकी नजरें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव और अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर पार्टी के अगले कदम पर टिकी हैं।



अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को लेकर पूछे गये सवाल पर ललन सिंह ने किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह दोनों का मामला है और वह इस पर क्या बोलें? उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह माना जा रहा है कि उनके बोलने से इस विवाद का समाधान हो जाएगा, तो यह मीडिया की सोच है। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को लेकर पूछे गये सवाल पर ललन सिंह ने किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह दोनों का मामला है और वह इस पर क्या बोलें? उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह माना जा रहा है कि उनके बोलने से इस विवाद का समाधान हो जाएगा, तो यह मीडिया की सोच है।


ललन सिंह ने कहा कि मीडिया अपना एजेंडा चला रही है। पार्टी की स्थिति पहले ही स्पष्ट की जा चुकी है। जेडीयू में कोई मतभेद नहीं है और पार्टी आपसी राय-विचार तथा सहमति से चल रही है।  यह सब फालतू की बात है, जिसे जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है। अनंत सिंह और नीरज कुमार और पार्टी पूरी तरह एकजुट है।