Nishant Kumar News: बिहार की राजनीति में निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता के बीच अब वह पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। छठ महापर्व से पहले उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पटना के दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
दरअसल, निशांत कुमार अचानक पटना के दरियापुर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। यहां उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और मौजूद मरीजों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजमर्रा के कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं भी उनके सामने रखीं। शिकायतें सुनने के बाद निशांत कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दरियापुर के बाद निशांत कुमार शास्त्री नगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां भी उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दवाइयों के स्टॉक की जांच की और मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।
निशांत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में मरीजों को इलाज और दवाइयों के लिए परेशान नहीं होना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में भी डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है। अस्पतालों में जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में भी मरीजों को सभी जरूरी सुविधाएं देने की दिशा में काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
निशांत कुमार ने छठ महापर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ छठ घाटों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान सभी घाटों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर डॉक्टरों और नर्सों की तैनाती के साथ जरूरी दवाइयों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। निशांत कुमार ने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। छठ महापर्व को देखते हुए अस्पतालों से लेकर घाटों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना