राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री एग्जाम की नई तारीख घोषित कर दी है। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा अब 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। इस घोषणा के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच हलचल तेज हो गई है।
National Testing Agency द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और NTA के अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ही भरोसा करें। फर्जी खबरों और अफवाहों से सावधान रहने की भी अपील की गई है।
NTA की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि NEET-UG 2026 की परीक्षा पहले निर्धारित तिथि पर आयोजित हुई थी और इसका पेपर लिक हो गया था, जिसके बाद छात्रों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। परीक्षा अब 21 जून को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
इस घोषणा के बाद मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों को एक और मौका मिल गया है। कई छात्र ऐसे थे जो परीक्षा रद्द होने के कारण असमंजस में थे। अब नई तारीख सामने आने के बाद छात्रों ने अपनी तैयारी को फिर से तेज कर दिया है। कोचिंग संस्थानों में भी पढ़ाई का माहौल फिर से सक्रिय हो गया है।
अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा की तारीख स्पष्ट होने से बच्चों का तनाव कुछ कम हुआ है। हालांकि कई छात्रों ने चिंता भी जताई है, क्योंकि इससे उनकी तैयारी की रणनीति प्रभावित हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अतिरिक्त समय का सही उपयोग करने वाले छात्रों को इसका लाभ मिल सकता है।
NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी सूचनाओं के लिए समय-समय पर आधिकारिक पोर्टल चेक करते रहें। एजेंसी ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर छात्र संपर्क कर सकें। NTA के अनुसार छात्र किसी भी जानकारी के लिए [neet-ug@nta.ac.in](mailto:neet-ug@nta.ac.in) पर ईमेल कर सकते हैं। इसके अलावा 011-40759000 और 011-69227700 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
देशभर में NEET परीक्षा मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा की तारीख घोषित होने के बाद छात्रों के बीच उत्साह और तैयारी का माहौल फिर से बन गया है।